बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप होटल मां वैष्णवी का औचक निरीक्षण, कई गंभीर अनियमितताएं उजागर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडे के साथ अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार द्वारा रेलवे स्टेशन बक्सर के पास स्थित होटल मां वैष्णवी का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण विधि-व्यवस्था एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आलोक में किया गया।
निरीक्षण के दौरान होटल के अभिलेखों एवं कमरों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में एक व्यक्ति, जिसकी होटल के आगंतुक पंजी में अकेली प्रविष्टि दर्ज थी, को एक महिला के साथ होटल के कमरे में संदिग्ध स्थिति में पाया गया। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि होटल में अनैतिक गतिविधियों, विशेषकर देह व्यापार के धंधे को अंजाम दिया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल में ठहरे युवक और युवती पति-पत्नी प्रतीत नहीं हो रहे थे। जबकि संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं को अपनी पत्नी के साथ ठहरे होने का दावा किया गया। इसके बावजूद आगंतुक पंजी में उनके पारिवारिक संबंधों से संबंधित विवरण अस्पष्ट पाया गया। पंजी के कॉलम संख्या तीन में ‘परिवार’ का उल्लेख नहीं किया गया था, जो होटल नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन है।
इसके अतिरिक्त आगंतुक पंजी के क्रमांक छह में भुगतान की राशि भी अंकित नहीं पाई गई। इससे यह संदेह और गहरा गया कि होटल प्रबंधन द्वारा न केवल नियमों की अनदेखी की जा रही है, बल्कि टैक्स की चोरी करने का भी प्रयास किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने होटल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई तथा आगे की विधि सम्मत कार्रवाई के संकेत दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होटल संचालन में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अनैतिक कार्य या सरकारी राजस्व की चोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर होटल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र के अन्य होटलों एवं लॉज संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।





