OTHERS

प्रधानमंत्री ने दी 75 लाख महिलाओं को दी आर्थिक संबल, ₹7500 करोड़ का खाते में हुआ ट्रांसफर 

नगर में कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों द्वारा तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का सीधा प्रसारण नगर भवन बक्सर में आयोजित किया गया। इस दौरान राज्य की 75 लाख महिलाओं को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹7500 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला पदाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह एवं जीविका दीदियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

 

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार प्रारंभ करने के लिये आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रारंभिक राशि ₹10 हजार देने के बाद, आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का भी प्रावधान है। लाभुक अपनी पसंद के रोजगार की शुरुआत कर सकती हैं। साथ ही उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है। यह योजना सामुदायिक सहकारिता आधारित है, जिसमें महिलाओं को स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़ा जाएगा। रोजगार चयन और प्रारंभ में उन्हें स्थानीय समूहों का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलेगा।

 

जीविका दीदियों का मजबूत नेटवर्क

राज्य में पहले से सक्रिय 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियों का संगठन इस योजना की सफलता की रीढ़ बनेगा। प्रशिक्षण, उत्पादन, विपणन और बिक्री तक महिलाओं को हर स्तर पर सहयोग मिलेगा। गांव से शहर तक महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिये हाट-बाजार भी विकसित किए जाएंगे। जिले में जीविका समूह से जुड़ी 90,818 जीविका दीदियों के बीच ₹10,000 की दर से ₹90.81 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की ऐतिहासिक पहल बताया।

महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास की दिशा में बड़ा कदम

इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। स्वावलंबन पर आधारित यह पहल न केवल महिलाओं को सशक्त बनाएगी, बल्कि राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को भी गति देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button