OTHERS

‘सेवा पर्व’ के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ

वन महोत्सव अंतर्गत आयोजित चित्रकला  प्रतियोगिता में पायल कुमारी एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम गणेश कुमार मारी बाजी 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार के भोजपुर वन प्रमंडल, आरा के तत्वावधान में 17 सितम्बर को बक्सर जिले में “सेवा पर्व” के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिसका उद्देश्य जिले के विभिन्न प्रखंडों में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाना है।

 

एम०पी० उच्च विद्यालय बक्सर में आयोजित शुभारंभ समारोह का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, वनों के क्षेत्र पदाधिकारी सुरेश कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अरविंद यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं पौधारोपण कर किया। अनुमंडल पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। ये हमें न केवल प्राणवायु प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन और जीवन के आधार भी हैं। एक पेड़ लगाना पर्यावरण की सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा करना है।” उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में बताया कि “पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। हमें न केवल पौधे लगाने चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। सामूहिक प्रयास से ही पर्यावरणीय संतुलन कायम रह सकता है।”

 

वनों के क्षेत्र पदाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि सेवा पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की प्रेरणा दी। प्रखण्ड स्तरीय वन महोत्सव अंतर्गत एम पी उच्च विद्यालय में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें 9th,10th एवं 11th के कुल 58 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। जिसमें से चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम पायल कुमारी, द्वितीय शालू कुमारी, तृतीय खुशी कुमारी रही। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम गणेश कुमार, द्वितीय प्रिया कुमारी एवं तृतीय अमित आनंद विजेता घोषित किए गए।

इस प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना था। विजेताओं को वनों के क्षेत्र पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन वनरक्षी केशव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम में फॉरेस्टर अभिषेक गुप्ता, वनरक्षी नीतीश कुमार, रंजन कुमार, अनीश कुमार, बिट्टू कुमार, संतोष कुमार, बिपिन कुमार, अन्नू कुमारी, प्रियंका कुमारी, अमरैन असगर एवं स्कूल के शिक्षक गण, बच्चे एवं वनकर्मी उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button