OTHERS

ब्लड बैंक की व्यवस्था से नाराजगी के बीच मानवता की मिसाल, गर्भवती महिला के लिए कुछ मिनटों में उपलब्ध कराया B पॉजिटिव रक्त

रेडक्रॉस सचिव के आग्रह पर ब्यूटीफुल लाइफ ऑनली ऑन डोनेटिंग "ब्लड" संस्था ने दिखाई तत्परता, रक्तवीर विष्णु प्रजापति ने किया रक्तदान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्था को लेकर पिछले कई दिनों से नाराज चल रहे ब्यूटीफुल लाइफ ऑनली ऑन डोनेटिंग “ब्लड” संस्था के संस्थापक प्रियेश रंजन और उनके सहयोगियों ने शनिवार को एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। प्रशासन द्वारा सदर अस्पताल लायी गयी एक पीड़ित गर्भवती महिला को रक्त की आवश्यकता होने पर रेडक्रॉस के सचिव श्रवण तिवारी के आग्रह पर संस्था की ओर से तत्काल बी पॉजिटिव रक्त उपलब्ध कराया गया।

 

रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिलते ही संस्था से जुड़े सदस्यों ने बिना समय गंवाए रक्तदाता की व्यवस्था शुरू कर दी। रेडक्रॉस सचिव श्रवण तिवारी के आग्रह पर बक्सर के रक्तवीर विष्णु प्रजापति ने तत्परता दिखाते हुए रक्तदान किया। महज कुछ ही मिनटों में रक्त की व्यवस्था होने से जरूरतमंद गर्भवती महिला को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सका। इस मौके पर संस्था के संस्थापक प्रियेश रंजन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य किसी व्यक्ति या मरीज से नाराजगी रखना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाकर मानव जीवन की रक्षा करना है। उन्होंने संस्था का उद्देश्य बताते हुए कहा, “आओ मिलकर करें एक ऐसे युग का निर्माण, जहां खून की कमी से किसी की जान न जाए।”

 

प्रियेश रंजन ने कहा कि उनकी नाराजगी किसी पीड़ित या जरूरतमंद मरीज से नहीं है, बल्कि सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्था से है। उनका कहना है कि संस्था से बड़ी संख्या में लोग जुड़कर नियमित रूप से रक्तदान करते हैं और जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। लेकिन जब स्वयं रक्तदाताओं या उनसे जुड़े लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो संसाधनों की कमी का हवाला देकर उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि इसी वजह से संस्था के सदस्यों में ब्लड बैंक की व्यवस्था को लेकर असंतोष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था को लेकर नाराजगी के बावजूद संस्था का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और जरूरतमंद मरीजों की मदद से वे पीछे नहीं हटेंगे। शनिवार को गर्भवती महिला के लिए तत्काल रक्त उपलब्ध कराया जाना इसी सेवा भावना का उदाहरण है।

संस्था के अनुसार, रेडक्रॉस सचिव के फोन के बाद रक्तवीर विष्णु प्रजापति ने बिना देर किए रक्तदान कर अपना मानवीय दायित्व निभाया। उनके इस प्रयास से जरूरतमंद महिला को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका। इस दौरान सुमित मानसिंहका, आदिल खान, नसीम नायक समेत संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था से जुड़े सदस्यों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। ऐसे में समाज के अधिक से अधिक लोगों को आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में रक्त के अभाव में किसी मरीज को परेशानी न हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button