CRIME

बक्सर में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, प्रेमिका के घर से कुछ दूरी पर मिला युवक का शव, दो युवतियां हिरासत में

भोजपुर के चौसी गांव का रहने वाला था ओम पांडे, दोस्तों के साथ बक्सर आया था; प्रेमिका से मिलने गया और कुछ देर बाद घर के बाहर मिला शव, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब वार्ड संख्या-35 स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसी गांव निवासी कमलेश पांडे के पुत्र ओम पांडे के रूप में हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम पांडे शुक्रवार को कॉलेज के किसी कार्य से बक्सर दोस्तो के पास आए थे। जो देर शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शिवपुरी स्थित अपनी कथित प्रेमिका के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोस्त घर से कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि ओम अकेले कथित प्रेमिका से मिलने घर के अंदर गए। कुछ समय बाद उनका शव घर से कुछ दूरी पर पड़ा मिला।

 

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी गौरव पांडे, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस ने पूछताछ के लिए गुड्डू लाल के घर से मृतक की कथित प्रेमिका और एक अन्य युवती को हिरासत में लिया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button