बक्सर में अस्पतालों की अग्नि सुरक्षा जांच, फायर टीम ने परखे सुरक्षा इंतजाम
हाईटेक से लेकर एशिया पैसिफिक अस्पताल तक निरीक्षण, मॉक ड्रिल के जरिए मरीजों और कर्मियों को किया गया जागरूक


न्यूज विज़न। बक्सर
शनिवार को अनुमंडल अग्निश्मालय बक्सर क्षेत्र अंतर्गत जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार विभिन्न अस्पतालों एवं नर्सिंग होमों में व्यापक अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अस्पतालों में आग से बचाव के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का मूल्यांकन करना तथा संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों और आम लोगों को जागरूक करना था।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने अस्पताल परिसरों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकासी मार्ग, विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। जहां आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस हुई, वहां संबंधित प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अभियान के तहत हाईटेक हॉस्पिटल (काली मंदिर बायपास रोड), मां मुंडेश्वरी चिल्ड्रन हॉस्पिटल, मां शारदा हॉस्पिटल (हनुमान नगर बस स्टैंड), लाइफ लाइन हॉस्पिटल (हनुमान नगर बस स्टैंड), आर.पी. सेवा सदन हॉस्पिटल (प्रोफेसर कॉलोनी), बी.के. ग्लोबल हॉस्पिटल, पाल्स हॉस्पिटल (जासो रोड गोलंबर) तथा एशिया पैसिफिक हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान अस्पतालों में मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया, जिसमें आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग और प्राथमिक बचाव उपायों का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने अस्पताल स्टाफ को आपदा के समय घबराने के बजाय संयमित रहकर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि अस्पतालों जैसे संवेदनशील संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। नियमित निरीक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसी भी संभावित दुर्घटना के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल फायर सर्विस को दें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग करें।





