OTHERS

अधूरा नाला निर्माण बना मुसीबत: वार्ड 34 में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित, काली मंदिर जाने में श्रद्धालुओं को हो रही भारी परेशानी

नाले का पानी सड़क पर बहने से महिलाएं मजबूर होकर गंदे पानी से गुजर रहीं, महीनों से ठप पड़ा है निर्माण कार्य

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 में बुडको द्वारा कराया जा रहा नाला निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे पानी का निकास पूरी तरह बाधित हो गया है और नाले का पानी सड़क पर ओवरफ्लो कर रहा है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदक द्वारा बीच में ही काम बंद कर दिए जाने के कारण हालात बद से बदतर हो गए हैं। नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और श्रद्धालुओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें वार्ड स्थित काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने के दौरान गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत बक्सर-आरा मार्ग से उत्तर जिला परिषद रोड होते हुए छोटकी सारिमपुर से एसपी आवास तक करीब 2.02 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। लेकिन अधूरा निर्माण और कार्य की धीमी गति ने योजना की मंशा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

स्थानीय निवासी विकास राय ने बताया कि हल्की बारिश में ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे राहगीरों और मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं रामायण तुरहा ने कहा कि ठेकेदार द्वारा काम बंद कर दिए जाने से नाले का पानी निकासी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण पानी सड़क पर बह रहा है। जितेंद्र कुमार, सत्यम कुमार और राजू यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि काली मंदिर इस इलाके की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। लेकिन सड़क पर बह रहे नाले के पानी के कारण मंदिर जाने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड पार्षद रिंकी गुप्ता के प्रतिनिधि रमेश गुप्ता ने बताया कि अधूरे नाला निर्माण के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। हल्की बारिश में ही हालात नारकीय बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि अस्थायी रूप से मजदूर लगाकर पानी की सफाई कराई जा रही है, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाला निर्माण कार्य को अविलंब पूरा कराया जाए, ताकि वार्डवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके और श्रद्धालुओं को मंदिर जाने में हो रही परेशानी से निजात मिल सके।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button