महिला थानाध्यक्ष ने कराई प्रेमी जोड़े की शादी




न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को महिला थाना परिसर में धूमधाम से प्रेमी जोड़े की शादी थानाध्यक्ष द्वारा कराई गई। महिला थाना परिसर स्थित शिव मंदिर को साक्षी मानकर कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के प्रेमी युगल की स्वजन की उपस्थिति में हिन्दू रीति रिवाज से शादी सम्पन्न हुई। इस दौरान थाने के पुलिसकर्मी खुद बाराती बने।








थाना परिसर में प्रेमी जोड़े की शादी की चर्चा सुनते ही आसपास के लोग काफी संख्या में इकट्ठा हो गयी। इस दौरान समाजसेवियों के अलावे पुलिसकर्मियों ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर विदा किया। इस सम्बंध में महिला थानाध्यक्ष कनिष्का तिवारी ने बताया कि चक्की प्रखंड क्षेत्र के हेनवा गाँव निवासी अमित कुमार, पिता- सुरेंद्र चौधरी का भरियार गाँव निवासी रामविलास बिंद के पुत्री फूलकुमारी के साथ लंबे समय से प्रेम सम्बंध था। इन दोनों के बीच लगभग 8 सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जब दोनों एक साथ कठार उच्च विद्यालय में पढ़ाई करते थे। इस बीच लड़की पांच माह की गर्भवती हो गई जिसके बाद प्रेमिका के माता-पिता प्रेमी के परिजन पर शादी करने का दबाव बनाने लगे, लेकिन प्रेमी के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। फिर प्रेमिका के परिजनों ने न्याय के लिए थाने का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद महिला थाना पुलिस द्वारा इस मामले में हस्तक्षेप करने पर दोनों पक्षो के बीच सहमति बनी। वही शादी होने के बाद फूलकुमारी को पत्नी के रूप में स्वीकार करने के बाद प्रेमी से पति बने अमित कुमार हेनवा गाँव स्थित अपने घर लेकर चला गया।




