समहुता में 29 मई को पहुंचेगे पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, तैयारियों में जुटा पूरा इलाका
सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब के जिला स्तरीय टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह, मंत्री के स्वागत में सज रहा समहुता गांव


न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के धनसोई क्षेत्र अंतर्गत समहुता गांव में आयोजित जिला स्तरीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब समहुता, धनसोई द्वारा आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में 29 मई की रात्रि बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के आगमन की सूचना से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। मंत्री के आगमन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों, युवाओं एवं ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
क्लब के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जिला स्तरीय नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने एवं उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। टूर्नामेंट में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे प्रतियोगिता काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए मैदान की सजावट, प्रकाश व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था तथा सुरक्षा सहित अन्य तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। क्लब के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर आयोजन को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।
मंत्री दीपक प्रकाश के स्वागत को लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह का माहौल है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि किसी बड़े जनप्रतिनिधि का इस तरह खेल प्रतियोगिता में शामिल होना खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।
सम्राट अशोक क्रिकेट क्लब के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों एवं आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें तथा कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका होगा।





