OTHERS

बक्सर में 30 जून को मनाया जाएगा साईं बाबा मंदिर का 17वां स्थापना महोत्सव, तैयारी बैठक संपन्न

सतीघाट स्थित साईं मंदिर में जलाभिषेक, हवन, पालकी यात्रा, भजन-कीर्तन और महाआरती का होगा आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
श्री साई श्रद्धा संस्थान, बक्सर के तत्वावधान में सतीघाट स्थित साईं बाबा मंदिर के 17वें वार्षिक पूजनोत्सव एवं स्थापना समारोह को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को गोला बाजार स्थित एक निजी आवास पर आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष एवं आयकर अधिवक्ता सुरेश संगम ने की, जबकि संचालन साईं अजय जी ने किया।

 

बैठक में आगामी 30 जून 2026 को आयोजित होने वाले स्थापना महोत्सव की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की गईं। संस्था के अध्यक्ष सुरेश संगम ने बताया कि शिर्डी के साईं बाबा की प्रेरणा से बक्सर के सतीघाट पर स्थापित साईं मंदिर में पिछले 16 वर्षों से नियमित पूजा-अर्चना होती आ रही है। प्रत्येक वर्ष 30 जून को मंदिर का स्थापना दिवस एवं वार्षिक पूजनोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में साईं भक्त मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन-पूजन करते हैं तथा प्रसाद ग्रहण करते हैं।

 

उन्होंने कहा कि मंदिर की स्थापना से लेकर अब तक शहर और जिले के अनेक साईं भक्तों ने मंदिर के विकास, रखरखाव और धार्मिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भी मंदिर सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष चंदन गुप्ता ने बताया कि 30 जून को सुबह 6 बजे से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जो देर रात तक जारी रहेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत जलाभिषेक, विशेष पूजन, हवन, भव्य पालकी यात्रा, भजन-कीर्तन तथा संध्या कालीन विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।

बैठक का संचालन कर रहे साईं अजय जी ने शहर एवं समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में अधिक से अधिक लोग अपनी सहभागिता और सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं सफल बनाया जा सके। बैठक में मुख्य रूप से साईं शशि वर्मा, राजू श्रीवास्तव, इंद्र कुमार, नागेंद्र प्रसाद, धर्मेंद्र प्रसाद, राज जायसवाल, सुदर्शन जी, राज मुनि, राज अरोड़ा सहित कई श्रद्धालु एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button