OTHERS

बक्सर में दुष्कर्म की घटनाओं पर प्रगतिशील महिला एसोसिएशन का आक्रोश, सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर साधा निशाना

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर संगठन ने महिलाओं की सुरक्षा पर जताई चिंता, दुष्कर्म के आरोपियों पर त्वरित व कठोर कार्रवाई की मांग की

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (AIPWA) की जिला इकाई ने जिले में हाल के दिनों में सामने आए दुष्कर्म के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई गई।

 

जिला सचिव संध्या पाल, जिला अध्यक्ष रेखा देवी तथा संगठन की सदस्य श्रुति, लकी, सौम्या, आकांक्षा समेत अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जारी बयान में कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं, छात्राएं और बेटियां स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दुष्कर्म, हत्या, अपहरण, लूट, चोरी और अन्य अपराधों की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। संगठन ने विशेष रूप से बक्सर जिले में हाल के दिनों में सामने आए दो दुष्कर्म के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक मामला नगर थाना क्षेत्र तथा दूसरा कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र का है। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो समाज में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होंगे।

 

प्रगतिशील महिला एसोसिएशन ने राज्य सरकार से मांग की कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के आरोपियों पर त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। संगठन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए जिससे बेटियां घर, विद्यालय, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर बिना भय के आ-जा सकें। साथ ही महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कानून-व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई। प्रेस विज्ञप्ति में संगठन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button