नीट पेपर लीक के विरोध में बक्सर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन, दिव्यांग संघ ने मांगा इस्तीफा
जिला दिव्यांग संघ का वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रदर्शन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की उठाई मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिला दिव्यांग संघ के बैनर तले गुरुवार को शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले को देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला दिव्यांग संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब लाखों छात्र वर्षों की मेहनत और सपनों के साथ परीक्षा में शामिल होते हैं, तब इस तरह की घटनाएं उनकी उम्मीदों और भविष्य पर सीधा प्रहार करती हैं। जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह न्यायोचित है और दिव्यांग समाज भी उनके इस संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ा रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि नीट पेपर लीक सहित सभी परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के सपनों के साथ खिलवाड़ न हो। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के अधिकारों की रक्षा तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई। वीर कुंवर सिंह चौक पर कुछ समय तक प्रदर्शन जारी रहा, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक कार्यक्रम समाप्त कर लौट गए। इस अवसर पर प्रमोद केसरी, दिलीप राम, अभय पासवान, पप्पू जायसवाल, प्रिंस इदरीसी, विनोद जी, मुन्ना भैया, हरिशंकर सहित जिला दिव्यांग संघ के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





