प्रशांत किशोर से मिले बक्सर जन सुराज के पदाधिकारी, बक्सर की प्रसिद्ध पापड़ी भेंट कर किया सम्मानित
पटना स्थित केंद्रीय कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक, जिला कार्यकारिणी की सूची सौंपी; संगठन विस्तार और बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के अभियान पर हुई चर्चा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जन सुराज के पटना स्थित केंद्रीय कार्यालय में शनिवार को बक्सर जिला इकाई के पदाधिकारियों ने संगठन के सूत्रधार प्रशांत किशोर एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती से शिष्टाचार मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान बक्सर जिला इकाई की ओर से दोनों वरिष्ठ नेताओं का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया तथा जिले की प्रसिद्ध पारंपरिक मिठाई ‘पापड़ी’ भेंट कर उनका मुंह मीठा कराया गया।
बैठक में जन सुराज के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्र ने कहा कि बक्सर की सांस्कृतिक पहचान और जनभावनाओं को संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बक्सर की प्रसिद्ध पापड़ी भेंट कर जिले की सांस्कृतिक विरासत और मिठास से नेतृत्व को परिचित कराया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी सदस्यों की आधिकारिक सूची भी शीर्ष नेतृत्व को सौंपी। उन्होंने जिले में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में बक्सर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तथागत हर्षवर्धन, शाहाबाद प्रभारी रविंद्र दिवेदी, वरिष्ठ नेता धनजी पांडेय, अरविन्द पांडेय तथा युवा जिला अध्यक्ष अजित सम्राट समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर अपने विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने बक्सर जिला टीम द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प तभी सफल होगा जब जन सुराज का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंवाद को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने भी जिला इकाई के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक नई राजनीतिक संस्कृति स्थापित करना है, जिसमें जनता की भागीदारी और जवाबदेही सर्वोपरि हो।
बैठक का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने “जय बिहार, जय-जय बिहार” के गगनभेदी नारों के साथ संगठन को मजबूत बनाने और जन सुराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। बक्सर जिला इकाई की इस सक्रिय पहल को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





