तकनीक के दौर में फोटोग्राफरों को करना होगा खुद को अपग्रेड : सरफराज अहमद
बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के तत्वावधान में बक्सर में सोनी वर्कशॉप का आयोजन, फ्यूचर सिनेमालाइन कैमरा और एडवांस तकनीक की दी गई जानकारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बाजार समिति रोड स्थित आर्यन बासु मैरेज हॉल में रविवार को बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के तत्वावधान में सोनी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव उर्फ संटू जी ने की। वर्कशॉप में बक्सर जिले के अलावा भोजपुर जिले से भी बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में फोटोग्राफर शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुवेनाइल कोर्ट के जज उदय कुमार उपस्थित रहे। वहीं भोजपुर-आरा से बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष जयंत कुमार ओझा, मीडिया प्रभारी अमित मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप रंजन विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। वर्कशॉप के दौरान फोटोग्राफरों को संबोधित करते हुए बिहार-झारखंड के एरिया सेल्स मैनेजर सरफराज अहमद ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का दौर है। आज ग्राहक फोटोग्राफर की क्वालिटी और उसके काम को सोशल मीडिया पर रील्स एवं वीडियो देखकर भी परखते हैं। ऐसे में फोटोग्राफरों के लिए जरूरी है कि वे बदलती तकनीक के साथ स्वयं को लगातार अपग्रेड करते रहें।
उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी का क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और नई तकनीक के साथ काम करने की क्षमता ही भविष्य में फोटोग्राफरों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्कशॉप में उन्होंने फ्यूचर सिनेमालाइन कैमरा की विशेषताओं, उसकी तकनीकी क्षमता और फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के क्षेत्र में उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। वहीं सोनी अल्फा स्पेशलिस्ट मोहम्मद नूर आलम ने फोटोग्राफरों को एडवांस तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आधुनिक कैमरा तकनीक, उसके बेहतर उपयोग तथा बदलते दौर में फोटोग्राफी की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में बिहार फोटोग्राफर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक कुमार शर्मा, सचिव निसार अहमद, मीडिया प्रभारी आलोक कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, चंदन शर्मा एवं कोषाध्यक्ष अमृत सरोज सहित बक्सर जिले के कई प्रतिष्ठित फोटोग्राफर मौजूद रहे। इस दौरान आदर्श कुमार श्रीवास्तव, ब्रह्मदेव खरवार, शशि प्रकाश, मनी भूषण, मंटू कुमार, पंकज कुमार, श्रीकांत ठाकुर, जितेंद्र कुमार, चंदन गुप्ता, कृष्णा कुमार, अंशु कुमार, पवन कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में फोटोग्राफरों ने भाग लिया।
वर्कशॉप के माध्यम से फोटोग्राफरों को नई तकनीक से जोड़ने, आधुनिक कैमरा सिस्टम की जानकारी देने तथा बदलते डिजिटल एवं सोशल मीडिया के दौर में अपने कार्य को और बेहतर एवं प्रोफेशनल बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफरों ने नई तकनीक से जुड़े सवाल भी विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान बताया गया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के तकनीकी वर्कशॉप से जिले के फोटोग्राफरों को आधुनिक तकनीक की जानकारी मिलने के साथ-साथ अपने व्यवसाय को नई दिशा देने में भी मदद मिलेगी।
वीडियो देखें :





