एक सप्ताह से नाला का दर्जनों स्लैब हटा सड़क पर छोड़ा, पैदल चलना भी मुश्किल
नाला की सफाई नहीं होने से पंजाबी मुहल्ला में जलजमाव, बीमारी फैलने की बढ़ी आशंका


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद की कार्यशैली यूं ही नहीं चर्चा में रहती है। शहर के महात्मा गांधी बड़ा बाजार के पास करीब पांच सौ गज लंबे नाले की सफाई के लिए का दर्जनों स्लैब हटा कर सड़क छोड़ दिया गया है। नगर परिषद के कर्मियों के द्वारा नाला सफाई के लिए लगभग एक सप्ताह पहले स्लैब जेसीबी से हटाए गए। अब तक नाले की सफाई नहीं की गई। नाला जाम होने के चलते पंजाबी मुहल्ला में पानी लगा हुआ है और लोग डायरिया जैसे बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। स्थानीय वार्ड पार्षद भी इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं।
महात्मा गांधी बड़ा बाजार में हर रोज काफी भीड़ रहती है। सप्ताह में गुरुवार और रविवार को सप्ताहिक मंडी लगती है। वहीं शेष पांच दिन सब्जियों की थोक मंडी। सड़क पर स्लैब छोड़ दिए जाने के कारण सब्जी लेकर आने वाले टेंपो, जीप समेत वाहनों को बाजार तक पहुंचाने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं जाम की स्थिति उत्पन्न होने से वाहन सवारों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नाला जाम होने की वजह से पंजाबी मुहल्ला में गंदा पानी का जमाव होने से लोग परेशान हैं। मुहल्ले के लोग बीमारी फैलने की आशंका से सहमे हुए हैं। मुहल्ला के मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर दो लोग डायरिया की चपेट में आ चुके हैं। वहीं संजय सिंह ने कहा कि एक बार नहीं अपितु कई बार समस्या के समाधान के लिए कहा गया, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। मुहल्ले का नाली बजबजा रहा है। नाला का पानी ओवरफ्लो कर सड़क पर बह रहा है। नगर परिषद को टैक्स देने के बावजूद सुविधाएं नहीं मिल रही है। अगर यही स्थिति रही तो पूरा मुहल्ला बीमारी की चपेट में आ सकता है। मुन्ना पांडेय ने कहा कि नगर परिषद की लापरवाही के चलते मुहल्लेवासी परेशान हैं। जलजमाव के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। दुर्गंध से जीना मुहाल हो गया है। रवि सिंह ने कहा कि नगर परिषद को इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए समाधान करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वार्ड पार्षद जगदीश कुमार ने कहा कि नाला की सफाई के लिए सफाई कर्मियों की मांग एनजीओ के कर्मी और संबंधित अधिकारियों से किया गया, लेकिन आज तक लेबर मुहैया नहीं कराया गया। जेसीबी से स्लैब हटाकर सड़क पर छोड़ दिया गया है, जो परेशानी का सबब बन गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जब वार्ड पार्षद की बातों को नगर परिषद अनसुनी कर रही है तो आम जन को अपना काम कराने में कितनी परेशानी होती होगी





