डुमरांव में मां डुमरेजनी मदर केयर अस्पताल का भव्य शुभारंभ, 24 घंटे इमरजेंसी व आईसीयू की सुविधा उपलब्ध
स्त्री एवं प्रसूति रोग समेत दर्द व आईसीयू विशेषज्ञ देंगे सेवाएं, एसडीओ अविनाश कुमार व एसडीपीओ गौरव पांडे ने किया उद्घाटन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बुधवार को डुमरांव पश्चिमी रेलवे गुमटी स्थित बिजली कार्यालय के समीप स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए मां डुमरेजनी मदर केयर अस्पताल का भव्य शुभारंभ किया गया। अस्पताल का उद्घाटन बक्सर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं अनुमंडल आरक्षी उपाधीक्षक गौरव पांडे ने संयुक्त रूप से किया।
अस्पताल के शुभारंभ के मौके पर स्थानीय लोगों एवं गणमान्य नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल की शुरुआत की गई है। अस्पताल के प्रबंधक राज ओझा ने बताया कि यहां विभिन्न गंभीर एवं सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल में मुख्य रूप से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सेतु सिंह, दर्द एवं आईसीयू विशेषज्ञ डॉ. सुभाष श्री साहू तथा डॉ. आर.एस. यादव मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आईसीयू की व्यवस्था भी की गई है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विशेष रूप से महिलाओं एवं प्रसूति संबंधी चिकित्सा सेवाओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता को अस्पताल की महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में चौबीसों घंटे चिकित्सा सुविधा और आईसीयू की व्यवस्था मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
उद्घाटन समारोह में डॉ. ए.के. सिंह, युवा समाजसेवी रामजी सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, स्थानीय नागरिक एवं अस्पताल से जुड़े लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने अस्पताल के शुभारंभ पर प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि इससे डुमरांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सुविधा मिलेगी। मां डुमरेजनी मदर केयर अस्पताल के शुभारंभ के साथ ही डुमरांव क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ा है। अस्पताल प्रबंधन ने लोगों को बेहतर, सुलभ और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है।





