बिहार सेंट्रल स्कूल में CBSE 10वीं टॉपर्स का भव्य सम्मान, पुष्पवर्षा और उपहार देकर बढ़ाया हौसला
सचिव सरोज सिंह बोले—“10वीं बोर्ड सफलता पहला पड़ाव, इसे समाज के उत्थान से जोड़ें तो बनती है स्वर्णिम उपलब्धि”


न्यूज़ विज़न। बक्सर
गुरुवार को बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल उत्सवमय हो उठा, जब सफल विद्यार्थियों का स्वागत पुष्पवर्षा, मिठाई और उपहार देकर किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव श्री सरोज सिंह ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता और गुरुजनों के समर्पण का भी प्रतिफल है। उन्होंने पूरे विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सफलता किसी भी छात्र के जीवन का पहला महत्वपूर्ण सोपान है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करता है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि असली सफलता तब सार्थक होती है, जब उसे समाज और परिवार के उत्थान के लिए समर्पित किया जाए। ऐसी सफलता ही स्वर्णिम बनती है और समाज के लिए एक नई दिशा निर्धारित करती है।
उन्होंने आगे कहा कि सफल विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे अपने जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन करें और उन्हें सही दिशा दिखाएं। कार्यक्रम में सफल छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सतत अध्ययन, मनन और चिंतन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य अर्जुन जैसा, प्रयास एकलव्य जैसा और चिंतन नचिकेता जैसा हो, तो सफलता निश्चित रूप से हासिल होती है। इस अवसर पर विद्यालय के कई मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनमें रक्षा कुमारी, विकास, आयुष्मान, सत्यामूजा, आस्था, राज सिंह, हरिओम, रोशनी और समिति सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर सफलता की कामना की।
वीडियो देखें :





