ACCIDENT

बक्सर-आरा फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई कार, महिला की मौत; पति-बेटा गंभीर घायल

गाजीपुर से पटना लौट रहा था परिवार, ब्रह्मपुर के रामगढ़ के पास हुआ हादसा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार के बक्सर-आरा फोरलेन पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और 10 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ के समीप हुआ।

 

मृतका की पहचान नीतू कुमारी के रूप में की गई है। वह अपने पति विनीत कुमार और बेटे के साथ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से पटना लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि विनीत कुमार गाजीपुर में एक बैंक में कार्यरत हैं और अंबेडकर जयंती की छुट्टी के कारण परिवार के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई। हादसे में नीतू कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या वाहन पर से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लोगों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button