OTHERS

महिला आरक्षण को लेकर ऐपवा का बक्सर में जोरदार प्रदर्शन, 33% आरक्षण तत्काल लागू करने की उठाई मांग

जिला सचिव संध्या पाल के नेतृत्व में मनाया गया राष्ट्रव्यापी प्रतिवाद दिवस, परिसीमन और जनगणना की शर्त हटाकर बिना विलंब महिला आरक्षण लागू करने की मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) के तत्वावधान में सोमवार को बक्सर नगर में राष्ट्रव्यापी प्रतिवाद दिवस मनाया गया। जिला सचिव संध्या पाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को बिना किसी शर्त के तत्काल लागू करने की मांग की।

 

प्रदर्शन के दौरान ऐपवा कार्यकर्ताओं ने कहा कि संसद द्वारा पारित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को अभी तक लागू नहीं किया गया है। सरकार इसे जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़कर लागू करने की बात कर रही है, जिससे इसके क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी हो रही है। उन्होंने मांग की कि महिला आरक्षण को वर्तमान लोकसभा और विधानसभा की सीटों के आधार पर तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में समान भागीदारी दिलाने के लिए आरक्षण कानून का शीघ्र लागू होना आवश्यक है। उनका आरोप था कि सरकार महिला आरक्षण के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है और परिसीमन के बहाने इसे टालने का प्रयास किया जा रहा है।

 

ऐपवा की जिला सचिव संध्या पाल ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आरक्षण कानून को बिना किसी शर्त के लागू करना समय की मांग है। यदि सरकार जल्द इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो संगठन देशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा। प्रदर्शन में ऐपवा की नेता चिंता देवी, सोनी, गीता सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग दोहराई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button