RELIGION

गंगा पूजन और आरती के साथ शुरू हुई विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा, पहले पड़ाव अहिरौली में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

माता अहिल्या मंदिर में पूजा-अर्चना, पुआ-पकवान का प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने किया भजन-कीर्तन; मेले में आस्था, परंपरा और उत्सव का दिखा संगम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
प्रभु श्रीराम की स्मृतियों से जुड़ी आध्यात्म और आस्था की नगरी बक्सर में विश्व प्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ रविवार की सुबह रामरेखा घाट पर गंगा पूजन एवं आरती के साथ हुआ। पंचकोसी परिक्रमा समिति के अध्यक्ष अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज की अध्यक्षता में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच यात्रा शुरू हुई। त्रेता युग से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा सीमावर्ती उत्तर प्रदेश, आरा, झारखंड समेत अन्य इलाकों से श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा में शामिल होने पहुंचे।

 

पंचकोसी परिक्रमा का पहला पड़ाव अहिरौली स्थित माता अहिल्या धाम रहा, जहां सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। समिति के पदाधिकारी, साधु-संत और श्रद्धालु बसांव मठ से रामरेखा घाट पहुंचे, जहां मां गंगा की पूजा-अर्चना के बाद यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने अहिरौली गंगा घाट पर स्नान कर मां गंगा का पूजन किया और इसके बाद माता अहिल्या मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

 

भगवान श्रीराम के चरण स्पर्श से हुआ था माता अहिल्या का उद्धार, पंचकोसी यात्रा से जुड़ी है पौराणिक मान्यता
पंचकोसी परिक्रमा समिति के सचिव डॉ. रामनाथ ओझा ने बताया कि अहिरौली में संतों और श्रद्धालुओं ने पुआ-पकवान का प्रसाद ग्रहण किया तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीराम की आराधना की। मान्यता है कि गौतम ऋषि के श्राप से पत्थर बनी माता अहिल्या का इसी स्थल पर भगवान श्रीराम ने अपने चरण स्पर्श से उद्धार किया था। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में यहां पुआ-पकवान का भोग लगाने की परंपरा है, जिसका श्रद्धालु आज भी श्रद्धापूर्वक निर्वहन करते हैं।

बक्सर प्रभु श्रीराम की कर्मभूमि, पंचकोसी परिक्रमा करने वालों को भगवत धाम की प्राप्ति : त्रिदंडी स्वामी
पंचकोसी मेला के पहले पड़ाव अहिरौली में गंगा पुत्र त्रिदंडी स्वामी लक्ष्मी नारायण स्वामी ने प्रवचन के दौरान बक्सर की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बक्सर प्रभु श्रीराम की कर्मभूमि है और इसकी दिव्यता अक्षुण्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि पंचकोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु देह त्याग के बाद भगवत धाम प्राप्त करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अहिरौली में विशाल टेंट लगाकर प्रसाद ग्रहण और विश्राम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पंचकोसी परिक्रमा के सभी पांचों पड़ावों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और ठहरने की व्यवस्था की जाती है।

पंचकोसी मेले में आस्था के साथ उत्सव का माहौल, जलेबी-चाट और खिलौनों की दुकानों पर उमड़ी भीड़
अहिरौली में धार्मिक आस्था के साथ मेले का रंग भी खूब देखने को मिला। माता अहिल्या मंदिर के आसपास पहुंचपथ के दोनों तरफ जलेबी, समोसा, चाट, पकौड़ा, फास्ट फूड, खिलौने और पूजा सामग्री की दुकानें सजी रहीं। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए चरखी, झूला और जंपिंग मिक्की माउस लगाए गए थे, जहां बच्चों ने खूब आनंद लिया। महिलाओं ने पूजा सामग्री, प्रसाद और श्रृंगार की वस्तुओं की खरीदारी की।

बच्चों की सलामती के लिए आंचल पर नृत्य की परंपरा, अहिल्या धाम में माताओं ने कराया अनुष्ठान
मंदिर परिसर के समीप एक विशेष पारंपरिक अनुष्ठान भी देखने को मिला, जिसमें माताएं अपने बच्चों की सलामती के लिए नर्तकों से आंचल पर नृत्य कराती हैं। हुड़का की धुन पर नर्तक बच्चों को गोद में लेकर नृत्य करते हुए उनकी बलाएं लेने और आशीर्वाद देने की परंपरा निभाते हैं। इस अनुष्ठान में भी महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, रामरेखा घाट पर गोताखोरों की तैनाती
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी सतर्क रहा। सदर अंचलाधिकारी राहुल शंकर ने बताया कि रामरेखा घाट पर स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती की गई थी। रात्रि विश्राम के बाद श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा के दूसरे पड़ाव नदांव के लिए रवाना होंगे। बक्सर की इस प्राचीन परंपरा में आस्था, अध्यात्म, लोक संस्कृति और मेले की रौनक एक साथ देखने को मिली।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button