OTHERS

अहिल्या धाम जनसेवा समिति ट्रस्ट ने लगाया सेवा शिविर, महंत मधुसूदन रामानुज श्रीनिवास दास ने किया उद्घाटन

स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ श्रद्धालुओं को मिल रही आवश्यक सहायता, सामाजिक सरोकारों के तहत समिति की पहल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
विश्वप्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा मेले के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अहिरौली स्थित माँ अहिल्या धाम जनसेवा समिति ट्रस्ट की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया है। पंचकोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं को शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। समिति की इस पहल से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिल रही है।

 

शिविर का उद्घाटन अहिल्या गौतम धाम अहिरौली मठ के महंत श्री मधुसूदन रामानुज श्रीनिवास दास ने दीप प्रज्वलित करने के साथ फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शिविर की गतिविधियां प्रारंभ की गईं। पंचकोसी परिक्रमा के दौरान अहिरौली का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यहां सेवा शिविर का आयोजन श्रद्धालुओं की यात्रा को सहज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष विनोदानंद उर्फ मुनमुन चौबे ने कहा कि माँ अहिल्या धाम जनसेवा समिति ट्रस्ट सामाजिक सरोकारों के तहत लगातार सेवा कार्यों में जुटा रहता है। समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग किया जाता है। वहीं, पंचकोसी मेले के दौरान सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सहायता करना भी समिति की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना तथा जरूरतमंद लोगों की मदद करना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। सेवा और सहयोग की भावना से ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में समाजसेवी जितेंद्र मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस युवा नेता जयप्रकाश उपाध्याय, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार, अभिमन्यु चौबे, वार्ड पार्षद बृजकिशोर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्थानीय समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button