OTHERS

रोमांचक मुकाबले में जिग जैग ग्रीन ने रेड को एक रन से हराया, अभिषेक कुमार बने मैन ऑफ द मैच

किला मैदान में खेले गए जिग जैग चैलेंजर्स ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में आखिरी ओवर तक चला रोमांच, 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 141 पर सिमटी जिग जैग रेड की टीम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
स्थानीय किला मैदान में मंगलवार को जिग जैग चैलेंजर्स ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक अंदाज में खेला गया। जिग जैग ग्रीन और जिग जैग रेड के बीच हुए इस मुकाबले में दर्शकों को आखिरी गेंद तक संघर्ष देखने को मिला। शानदार प्रदर्शन करते हुए जिग जैग ग्रीन ने जिग जैग रेड को महज एक रन से शिकस्त देकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले में 30 रन बनाने और एक विकेट हासिल करने वाले अभिषेक कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

मैच में टॉस जीतकर जिग जैग ग्रीन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 142 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ग्रीन की ओर से अभिषेक यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 रनों की पारी खेली। वहीं धैर्य ने 36, अभिषेक ने 30 और सचिन ने 15 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में टीम को 16 रन मिले। जिग जैग रेड की तरफ से प्रेम ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि पंकज को एक सफलता मिली। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

 

143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिग जैग रेड की टीम ने भी मुकाबले को अंत तक रोमांचक बनाए रखा। हालांकि, जीत की दहलीज तक पहुंचने के बावजूद टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 19.4 ओवर में 141 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। रेड की ओर से कुंदन उपाध्याय ने 20, मोहम्मद आसिफ ने 19, दिवाकर ने 18, पंकज ने 17, कुंदन ने 15 और प्रेम ने 10 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। टीम के खाते में अतिरिक्त के रूप में 24 रन जुड़े।

जिग जैग ग्रीन की ओर से गेंदबाज गणेश ने दो विकेट हासिल किए, जबकि अमन, अभिषेक, शुभम, चिराग और शोभित ने एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम को समेटने में अहम भूमिका निभाई। इस तरह ग्रीन ने एक रन से रोमांचक जीत अपने नाम कर ली। मैच में अंपायर की भूमिका बलवंत कुमार एवं शिवम कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में सौरभ साहनी मौजूद रहे। शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए अभिषेक कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर जिग जैग क्रिकेट एकेडमी के सीनियर खिलाड़ी एवं कोच पंकज वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत अगला मुकाबला बुधवार को सुबह 9 बजे से खेला जाएगा। इसमें जिग जैग येलो और जिग जैग ग्रीन की टीमें आमने-सामने होंगी। उन्होंने क्रिकेट प्रेमियों से मैच देखने के लिए किला मैदान पहुंचने की अपील की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button