एनएच-922 पर दलसागर टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर ने टाटा हैरियर में मारी जोरदार टक्कर
दिल्ली से पटना श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने जा रहे थे चार लोग, समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा; एक घायल को कराया गया प्राथमिक उपचार

न्यूज विज़न। बक्सर
जिले में मंगलवार की अहले सुबह एनएच-922 पर दलसागर टोल प्लाजा के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से पटना जा रही टाटा हैरियर कार को एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से कार सवार सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
घटना के संबंध में मौके पर पहुंचे समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने बताया कि टाटा हैरियर में चार लोग सवार थे, जो दिल्ली से पटना के लिए निकले थे। सभी लोग पूर्व सांसद आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान दलसागर टोल प्लाजा के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही समाजसेवी कृष्णा शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर लोगों की मदद से कार सवार सभी व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। हादसे में घायल एक व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
बताया गया कि कार चालक की पहचान सोनेलाल साह (42 वर्ष), पिता दिलबहार साह के रूप में हुई है। वहीं, वाहन मालिक जय सिंह (40 वर्ष), पिता बलदेव सिंह, निवासी उत्तम नगर, दिल्ली बताए गए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों और ट्रेलर की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है।




