OTHERS

पाथवेज वर्ल्ड स्कूल में धूमधाम से मना दीपावली उत्सव, बच्चों ने रंगोली बनाकर दिया स्वदेशी सजावट का संदेश

रंगोली, मिट्टी के दीये और आकर्षक सजावटी सामग्रियों से सजा विद्यालय परिसर, शिक्षकों ने बच्चों को शिक्षा के दीप से जीवन और समाज को रोशन करने की दी प्रेरणा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को डुमरांव स्थित पूर्वी गुमटी के समीप पाथवेज वर्ल्ड स्कूल में दीपावली उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय परिसर में दीपावली की उमंग, उत्साह और खुशियों का माहौल देखने को मिला।

 

दीपावली उत्सव के दौरान छात्राओं ने आकर्षक एवं मनमोहक रंगोली बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं बच्चों ने अपने हाथों से मिट्टी के दीये, कलश तथा घरों को सजाने वाली विभिन्न आकर्षक सामग्रियां तैयार कीं। बच्चों की इस रचनात्मक पहल के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल स्वदेशी सजावटी वस्तुओं को अपनाने तथा घरों को हाथों से बनाई गई सामग्रियों से सजाने का संदेश दिया गया। साथ ही मिट्टी के दीये जलाकर दीपावली की पारंपरिक संस्कृति और भारतीय कला को प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

 

इस अवसर पर विद्यालय के इंजीनियर आर. राघवन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन में ज्ञान और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का भी अवसर है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में शिक्षा का दीप प्रज्वलित करना चाहिए, ताकि वह स्वयं के साथ-साथ समाज को भी ज्ञान के प्रकाश से प्रकाशित कर सके। उन्होंने अज्ञानता के अंधकार को दूर कर शिक्षा, संस्कार और सद्भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नेहा सिंह ने दीपावली के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को पर्व की मूल भावना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में उजाला लाने का त्योहार है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी खुशियों में जरूरतमंदों को भी शामिल करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे किसी जरूरतमंद और मदद के इच्छुक व्यक्ति के लिए भी मदद का एक दीप अवश्य जलाएं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों एवं अभिभावकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी गई। इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, बच्चों एवं अभिभावकों की सहभागिता रही। उत्सव के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला। इस आयोजन ने बच्चों को रचनात्मकता, भारतीय परंपरा, स्वदेशी कला, शिक्षा और सामाजिक सहयोग का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button