OTHERS

पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के निधन पर ग्राम सुधार समिति में शोकसभा, समाज ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

सचिव डॉ. दिलीप कुमार सिन्हा ने कहा—आरके सिन्हा का निधन कायस्थ समाज के साथ बौद्धिक, राजनीतिक और आर्थिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रविवार, 1 नवंबर को ग्राम सुधार समिति के कार्यालय में संस्था के सचिव डॉ. दिलीप कुमार सिन्हा (गुरु लाल) की अध्यक्षता में कायस्थ समाज के आधार स्तंभ, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ समाजसेवी आरके सिन्हा के निधन पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आरके सिन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

 

शोकसभा को संबोधित करते हुए सचिव डॉ. दिलीप कुमार सिन्हा ने आरके सिन्हा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका निधन केवल कायस्थ समाज ही नहीं, बल्कि बौद्धिक, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक जगत के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि आरके सिन्हा ने अपने जीवन में संघर्ष, परिश्रम और सेवा की मिसाल कायम की। उन्होंने बताया कि आरके सिन्हा ने मात्र तीन हजार रुपये से सिक्योरिटी व्यवसाय की शुरुआत की और अपने दृढ़ संकल्प एवं मेहनत के बल पर एसआईएस (SIS) सिक्योरिटी को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने देहरादून में बोर्डिंग स्कूल की स्थापना, पटना में मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा की कोचिंग सहित शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए।

 

डॉ. सिन्हा ने कहा कि आरके सिन्हा राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे और विभिन्न राजनीतिक नेताओं की आर्थिक मदद करने के साथ सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई। वे संसद के उच्च सदन राज्यसभा के सदस्य रहे तथा बिहार भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने बताया कि स्मृतिशेष कैलाश नारायण सारंग के अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए आरके सिन्हा अंतर्राष्ट्रीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष भी रहे। वहीं ‘संगत-पंगत’ के माध्यम से उन्होंने समाज में आपसी सहयोग, सामाजिक एकजुटता और सामूहिक सहभागिता की अवधारणा को मजबूत किया।

शोकसभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि आरके सिन्हा का सरल व्यक्तित्व, समाजसेवा, शिक्षा के प्रति समर्पण और जरूरतमंदों की सहायता की भावना लंबे समय तक लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उपस्थित लोगों ने दिवंगत पुण्यात्मा के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिवार, कुटुंबजनों, शुभेच्छुओं एवं उनके सुपुत्र और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। शोकसभा में सुधीर कुमार सिन्हा, मनोज लाल, सुलालन लाल, सुजीत सिन्हा, सत्यराज सिन्हा, बबुआ अस्थाना, पप्पू लाल, रामजी राय, सुधीर पांडे, विवेक श्रीवास्तव, संतोष पाण्डेय, रवि मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button