OTHERS

30 अक्टूबर को पटना में प्रदर्शन की तैयारी तेज, ABVP ने बक्सर में किया पोस्टर विमोचन

जिला बैठक में कार्यक्रम की रणनीति पर हुई चर्चा, अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से आगामी 30 अक्टूबर को पटना में देश विरोधी गतिविधियों के विरोध में आयोजित होने वाले प्रदर्शन को लेकर बक्सर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बक्सर में विद्यार्थी परिषद की जिला बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटना में होने वाले प्रदर्शन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

 

बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और विद्यार्थियों के अधिकारों से जुड़े विषयों को लेकर आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर युवाओं को जागरूक करना विद्यार्थी परिषद का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 30 अक्टूबर को पटना में आयोजित प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची की पारदर्शिता और निष्पक्षता जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा महत्वपूर्ण है। ऐसे विषयों पर सभी पक्षों की बातों को तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर परखा जाना चाहिए। विद्यार्थी परिषद राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर युवाओं को जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

नगर मंत्री विवेक पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। विद्यार्थी परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पटना में होने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए बक्सर के कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ जुटेंगे और अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों और तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने 30 अक्टूबर के पटना प्रदर्शन को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर जागरूकता के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक के अंत में प्रियांशु शुभम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर खेलो भारत प्रांत सह संयोजक अनीश तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सदानंद पांडेय, अभिराम मिश्रा, राहुल कुमार, संजीत यादव, दुर्गेश पाण्डेय, अमन चौबे, शुभांकित पाण्डेय, दिव्यांशु मिश्रा, आदित्य सिंह, प्रभास चौबे, दीपक कुमार, आदित्य ओझा, समीर तिवारी, रिशु यादव, सागर सोनी, सुमित कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button