श्री गंगाधारी ब्रह्मबाबा मंदिर का 36वां वार्षिकोत्सव 26 अक्टूबर से, अखंड हरिकीर्तन व सांस्कृतिक कार्यक्रम में जुटेंगे श्रद्धालु
छोटका सिघनपुरा में दो दिवसीय धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन की तैयारी पूरी, भोजपुरी जगत के चर्चित कलाकार देंगे प्रस्तुति

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत छोटका सिघनपुरा गांव स्थित प्रसिद्ध श्री गंगाधारी ब्रह्मबाबा मंदिर परिसर में 36वां वार्षिकोत्सव इस वर्ष 26 अक्टूबर से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शुरू होगा। दो दिवसीय वार्षिकोत्सव को लेकर आयोजन समिति एवं ग्रामीणों की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। वार्षिकोत्सव के दौरान अखंड हरिकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पूर्णाहुति एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन के प्रथम दिन 26 अक्टूबर को 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ होगा। इसमें बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध कीर्तन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। वहीं, 27 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जदयू विधायक श्री अमरेन्द्र कुमार पांडेय (पप्पू पांडेय) सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी जगत के नारदी विधा के चर्चित कलाकार कमलबास कुंवर, अरविंद सिंह अभियंता एवं प्रभुनाथ तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। कलाकारों की प्रस्तुति को लेकर ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है।
36 वर्षों से चली आ रही है वार्षिकोत्सव की परंपरा
आयोजन समिति के अध्यक्ष राज कुमार मिश्रा एवं सचिव अनुज कुमार मिश्रा ने बताया कि श्री गंगाधारी ब्रह्मबाबा के प्रति छोटका सिघनपुरा सहित आसपास के गांवों के लोगों की गहरी श्रद्धा और आस्था जुड़ी हुई है। पिछले 36 वर्षों से मंदिर परिसर में अखंड हरिकीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर वार्षिकोत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार ब्रह्मबाबा के चमत्कार की चर्चा पूरे इलाके में होती रहती है। श्रद्धालुओं में ऐसी मान्यता है कि जो भी व्यक्ति सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ ब्रह्मबाबा के दरबार में मत्था टेकता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है। यही आस्था हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को इस आयोजन से जोड़ती है।
अखंड हरिकीर्तन की पूर्णाहुति के बाद होगा भंडारा
आयोजन के तहत 24 घंटे तक चलने वाले अखंड हरिकीर्तन की पूर्णाहुति विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
वार्षिकोत्सव को सफल बनाने में ब्रह्म बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष राज कुमार मिश्रा, सचिव अनुज कुमार मिश्रा, बंधन मिश्रा, विनोद मिश्रा, शशि बावला, श्रीराम मिश्रा, रामेश्वर मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा, मंटू मिश्रा, पिंटू मिश्रा, चिंटू मिश्रा, नारद मिश्रा, सोनू मिश्रा, बड़क मिश्रा, पंकज मिश्रा, हरेन्द्र मिश्रा, बीरेन्द्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि वार्षिकोत्सव को लेकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल तरीके से संपन्न कराने के लिए ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।




