जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में फाउंडेशन स्कूल का शानदार प्रदर्शन, तीन मॉडल राज्य स्तर के लिए चयनित
23 विद्यालयों के बीच फाउंडेशन स्कूल के छह मॉडलों में से तीन ने बनाई जगह, प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को अभिभावकों की मौजूदगी में किया गया सम्मानित

न्यूज़ विज़न। बक्सर
एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में आयोजित जिला स्तरीय 32वीं स्टूडेंट कांग्रेस विज्ञान प्रदर्शनी में फाउंडेशन स्कूल, बक्सर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। जिले के कुल 23 विद्यालयों की सहभागिता वाली इस प्रतिष्ठित विज्ञान प्रदर्शनी में फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत छह विज्ञान मॉडलों में से तीन मॉडलों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। एक ही विद्यालय के तीन मॉडलों का राज्य स्तर के लिए चयनित होना फाउंडेशन स्कूल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि के बाद फाउंडेशन स्कूल परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय की प्रार्थना सभा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने चयनित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान पर आधारित हैं मॉडल
राज्य स्तर के लिए चयनित तीनों विज्ञान मॉडल विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजने के प्रयास को दर्शाते हैं।
पहले मॉडल में विद्यार्थियों ने एलपीजी के विकल्प के रूप में एसिटिलीन गैस से संचालित चूल्हे की कार्यप्रणाली प्रस्तुत की। मॉडल के प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने इसके पीछे किए गए शोध, कार्यप्रणाली और वैज्ञानिक अवधारणाओं के बारे में निर्णायक मंडल को विस्तार से जानकारी दी।
दूसरे मॉडल में विद्यार्थियों ने समारोहों एवं विभिन्न आयोजनों में इस्तेमाल होने वाली कागज और प्लास्टिक की प्लेटों के विकल्प के तौर पर अनाज से निर्मित खाद्य योग्य प्लेट एवं कटलरी तैयार करने का मॉडल प्रस्तुत किया। इस मॉडल के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने तथा टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प विकसित करने की दिशा में अपनी सोच प्रस्तुत की।
वहीं तीसरे मॉडल में मिट्टी की उर्वरता एवं पौधों की वृद्धि से संबंधित प्रयोग किया गया। विद्यार्थियों ने बेकार पड़े गत्ते के कागज के छोटे-छोटे टुकड़ों को मिट्टी में मिलाकर उसमें गेहूं के बीज बोए और सामान्य मिट्टी में उगाए गए पौधों के साथ उनकी वृद्धि का तुलनात्मक अध्ययन किया। इस प्रयोग के माध्यम से अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग और मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार की संभावनाओं को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया।
प्राचार्य ने कहा- जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सीखने की प्रक्रिया
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज त्रिगुण ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता की पहली सीढ़ी उसमें उत्साहपूर्वक भाग लेना है। विद्यार्थियों को पूरी लगन और समर्पण के साथ अपना शत-प्रतिशत प्रयास करना चाहिए तथा जीत-हार की चिंता किए बिना सीखने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों को विद्यार्थियों की प्रत्येक छोटी-बड़ी उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। इससे बच्चों का आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है तथा वे भविष्य में और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ नई चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित होते हैं। प्राचार्य ने कहा कि चयनित मॉडलों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विद्यार्थियों ने अपने आसपास मौजूद समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने का ईमानदार प्रयास किया है। यदि बच्चों में कम उम्र से ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वतंत्र चिंतन और नवाचार की भावना विकसित की जाए तथा शिक्षकों द्वारा उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराया जाए, तो ऐसे सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।
ATL लैब से विद्यार्थियों को मिल रहा नवाचार का अवसर
फाउंडेशन स्कूल में विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रयोग करने, आपसी सहयोग से सीखने तथा अपने विचारों को वास्तविक स्वरूप देने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। विद्यालय में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (ATL) विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और वैज्ञानिक विचारों को व्यावहारिक मॉडल में बदलने का अवसर प्रदान करती है। विद्यालय का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। विद्यार्थियों में समस्या-समाधान की क्षमता, वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
फाउंडेशन स्कूल परिवार ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। साथ ही राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक सोच, मेहनत और नवाचार के बल पर राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाउंडेशन स्कूल के साथ-साथ बक्सर जिले का नाम रोशन करेंगे।
वीडियो देखें :




