₹10 लाख साइबर फ्रॉड मामले में बक्सर विधायक के नगर परिषद प्रतिनिधि गिरफ्तार, गुजरात पुलिस ले गई साथ
गुजरात के दाहोद साइबर थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर हुई कार्रवाई, नगर थाना पुलिस की मदद से बसाव मठ के पास से पकड़े गए शैलेश मिश्रा

न्यूज़ विज़न। बक्सर
गुजरात साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक मामले में कार्रवाई करते हुए भारतीय जनता पार्टी के बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा के नगर परिषद प्रतिनिधि शैलेश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। गुजरात के दाहोद साइबर थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर हुई इस कार्रवाई के बाद गुजरात पुलिस आरोपी को न्यायालय के आदेश पर अपने साथ लेकर गुजरात रवाना हो गई।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुजरात के दाहोद साइबर थाने में साइबर धोखाधड़ी को लेकर प्राथमिकी संख्या 11821021260005 दर्ज की गई है। प्राथमिकी में एक यूपीआई आईडी 9893 743263…4@ybl के माध्यम से ₹20 हजार तथा बंधन बैंक लिमिटेड के खाता संख्या 20 1000 8370 7210 के माध्यम से करीब ₹10 लाख की साइबर धोखाधड़ी किए जाने का मामला दर्ज बताया गया है। गुजरात साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में जिस बैंक खाते और मोबाइल नंबर का उल्लेख किया गया है, वह बक्सर जिले के निवासी शैलेश मिश्रा से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इसी आधार पर साइबर फ्रॉड के मामले में शैलेश मिश्रा को आरोपी बनाया गया था।
बताया गया है कि यह मामला गुजरात के दाहोद जिले के झालोद निवासी 34 वर्षीय प्रीतम कुमार कांतुभाई सांग्डा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की जांच शुरू की थी। जांच के क्रम में संबंधित बैंक खाते और मोबाइल नंबर को लेकर बक्सर के शैलेश मिश्रा की भूमिका सामने आने की बात गुजरात साइबर क्राइम पुलिस द्वारा कही गई है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से शैलेश मिश्रा फरार चल रहे थे। इसी क्रम में गुजरात साइबर क्राइम पुलिस की टीम बक्सर पहुंची और स्थानीय नगर थाना पुलिस की मदद से शुक्रवार को बसाव मठ के पास से शैलेश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश के बाद शैलेश मिश्रा को न्यायिक हिरासत में गुजरात पुलिस अपने साथ लेकर चली गई। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि गिरफ्तार किए गए शैलेश मिश्रा बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा के नगर परिषद प्रतिनिधि बताए जाते हैं। हालांकि, साइबर फ्रॉड के पूरे मामले में उनकी वास्तविक भूमिका क्या रही, यह जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




