धनसोई बाजार में बंद मकान से मिला स्वर्ण व्यवसायी का शव, तीन दिनों से बंद था दरवाजा; इलाके में सनसनी
तेज दुर्गंध और नाली में खून मिला तरल पदार्थ बहने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर निकाला शव, एफएसएल टीम कर रही जांच; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का चलेगा पता

न्यूज़ विज़न। बक्सर/धनसोई
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में गुरुवार को एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मकान के पास स्थित नाली में खून मिला तरल पदार्थ बहने की बात सामने आने पर स्थानीय लोगों ने अनहोनी की आशंका जताई और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची धनसोई थाना पुलिस ने मिस्त्री की मदद से मकान का ताला तुड़वाया, जिसके बाद अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान खोचरिहा गांव निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र संतोष सेठ के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
तीन दिनों से बंद था मकान का दरवाजा
जानकारी के अनुसार, संतोष सेठ धनसोई बाजार में दुर्गा मंदिर के सामने स्थित एक मकान में रहते थे। बाजार में उनकी ‘श्री राम ज्वैलर्स’ नाम से आभूषण की दुकान भी है। बताया जाता है कि पिछले तीन दिनों से मकान का दरवाजा नहीं खुला था। गुरुवार को मकान के पास से गुजर रहे लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई। वहीं, नाली में खून मिला तरल पदार्थ बहने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतक के पिता श्रीराम सेठ को उनके गांव खोचरिहा जाकर सूचना दी। साथ ही धनसोई थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
छत के गलियारे में औंधे मुंह पड़ा था शव
मकान का दरवाजा बंद होने के कारण मिस्त्री की मदद से ताला तोड़ा गया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग अंदर दाखिल हुए। मकान के छत वाले गलियारे में संतोष सेठ औंधे मुंह गिरे पड़े मिले। उनके मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पत्नी की हो चुकी थी मौत, ननिहाल में रहती है बेटी
बताया जाता है कि संतोष सेठ की पत्नी की करीब एक वर्ष पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। उनकी छह वर्षीय बेटी उनवास गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती है। धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक नशे का सेवन भी करता था। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि संतोष सेठ की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




