POLITICS

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के प्रथम बक्सर आगमन पर भव्य स्वागत, जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा

सिंडिकेट पर उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का सैलाब, वीर कुंवर सिंह चौक पर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण; जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक में युवाओं से विकसित भारत के निर्माण का किया आह्वान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के प्रथम बक्सर आगमन पर भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार और भव्य स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के सिंडिकेट के समीप बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर तथा हाइड्रा के माध्यम से फूल-मालाओं से प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा इलाका ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।

 

स्वागत समारोह के बाद प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह का काफिला शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुलिस चौकी स्थित वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा। यहां उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति एवं संगठन से जुड़े नारों के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष का काफिला अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचा, जहां युवा मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो जिला अध्यक्ष अविनाश पाण्डेय ने की, जबकि संचालन धीरज पाठक ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई।

 

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि भारत के साथ-साथ विशेष रूप से बक्सर भाजपा के युवा हर प्रकार की विभाजनकारी चुनौतियों से निपटने का हुनर और ताकत रखते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति पार्टी के संगठन को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सुशासन एवं विभिन्न उपलब्धियों की विस्तृत रूपरेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक लक्ष्यों को पूरा करने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश में कुछ विभाजनकारी शक्तियां युवाओं को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन भारत का युवा उनके मंसूबों पर पानी फेरने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी निर्णायक भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती, युवा भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। बैठक में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के सैकड़ों पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा, प्रदीप दुबे, कुलभूषण जी, मुकेश यादव, निर्भय राय, विनोद राय, संध्या पांडेय, रमाश्रय राम, कंचन देवी, प्रिया राय, रुपेश दुबे, धीरज पाठक, सतेन्द्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विमल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठनात्मक सक्रियता का संदेश दे गया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button