OTHERS

पंचायत सचिव लाल बाबू ठाकुर के आकस्मिक निधन पर शोक की लहर

ब्रह्मपुर प्रखंड की कांट-योगिता पंचायत में पसरा मातम, बड़े बेटे विश्वजीत कुमार ने दी मुखाग्नि; सहकर्मियों और ग्रामीणों ने बताया अपूरणीय क्षति

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
ब्रह्मपुर प्रखंड क्षेत्र की कांट-योगिता पंचायत के पंचायत सचिव लाल बाबू ठाकुर का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही पंचायत सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

लाल बाबू ठाकुर के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड एवं पंचायत कर्मी, सहकर्मी, ग्रामीण और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचे। सभी ने दिवंगत पंचायत सचिव के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बताया जाता है कि लाल बाबू ठाकुर अपने कार्यों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ सरल एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। पंचायत स्तर पर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने सहकर्मियों और ग्रामीणों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके अचानक निधन से पंचायत एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है। शोक व्यक्त करने पहुंचे लोगों ने कहा कि लाल बाबू ठाकुर का निधन पंचायत एवं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके व्यवहार और कार्यशैली को लंबे समय तक याद किया जाएगा। अचानक हुई इस घटना से परिवार के साथ-साथ उनके परिचितों और सहकर्मियों को भी गहरा सदमा पहुंचा है।

 

अंतिम संस्कार के दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा। परिजनों और शुभचिंतकों की आंखें नम थीं। दिवंगत पंचायत सचिव के बड़े बेटे विश्वजीत कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, सहकर्मी, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन एवं दुखद घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की। लाल बाबू ठाकुर के निधन से कांट-योगिता पंचायत सहित ब्रह्मपुर प्रखंड क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button