सक्सेस व्यू एकेडमी में रक्षाबंधन की धूम, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
राखी प्रतियोगिता से लेकर पेड़ों को राखी बांधने तक, विद्यार्थियों ने दिया भाईचारे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महात्मा गांधी नगर, बक्सर स्थित सक्सेस व्यू एकेडमी में राखी प्रतियोगिता, राखी उत्सव एवं सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी कक्षाओं में राखी विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने रंग-बिरंगे रंगों से राखियों को सजाते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने अपने छात्र भाइयों की कलाई पर प्रेम, स्नेह और भाईचारे का प्रतीक राखी बांधी। राखी बांधने के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
पेड़ों को राखी बांधकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक पहलू कक्षा 9वीं एवं 10वीं की छात्राओं द्वारा पेड़ों को राखी बांधना रहा। छात्राओं ने पेड़ों को राखी बांधकर उनके संरक्षण और सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अनूठी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने “पेड़ बचाएं, पर्यावरण बचाएं” का महत्वपूर्ण संदेश दिया। वहीं, सावन महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने सावन की उमंग, भारतीय संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं सोनाली, पूजा, गजनफर, नेहा, प्रतीक्षा, अंजलि, लवली, अनीता एवं अर्चना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कुमार ने सभी प्रतिभागी बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में प्रेम, भाईचारा, रचनात्मकता, भारतीय संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने सक्सेस व्यू एकेडमी परिसर में प्रेम, भाईचारे, भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर एवं प्रेरणादायक संदेश दिया।





