POLITICS

बांकीपुर की जनता के स्नेह और विश्वास के लिए जन सुराज ने जताया आभार

वार्ड-25 में आयोजित आभार कार्यक्रम में प्रशांत किशोर के साथ शामिल हुए जन सुराज के बक्सर जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को दिया धन्यवाद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर / पटना
जन सुराज के बक्सर जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने गुरुवार को पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-25 में आयोजित आभार कार्यक्रम में जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधानसभा के विधायक प्रशांत किशोर के साथ शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन बजरंगी मिश्रा ने किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए चुनाव के दौरान मिले स्नेह, समर्थन और विश्वास के लिए बांकीपुर की जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

 

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-25 में प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस जिम्मेदारी के लिए उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सभी वरिष्ठ साथियों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए भरोसे को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का उन्होंने हरसंभव प्रयास किया। इससे एक दिन पूर्व बुधवार को ठाकुर प्रसाद कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी बजरंगी मिश्रा ने बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के प्रति जन सुराज पार्टी को अपना बहुमूल्य समर्थन देने वाले बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी सम्मानित मतदाताओं का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे बड़ी ताकत है। बांकीपुर की जनता ने जिस आत्मीयता और विश्वास के साथ जन सुराज का समर्थन किया, वह कार्यकर्ताओं को आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच काम करने की प्रेरणा देता है।

 

कार्यक्रम के दौरान संगठन की भूमिका का उल्लेख करते हुए मिश्रा ने सेक्टर प्रभारी के रूप में पार्टी के वरिष्ठ नेता धनजी पांडे और युवा जिला अध्यक्ष अजीत सम्राट के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिली। बजरंगी मिश्रा ने कहा कि “बिहार की जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और यही विश्वास मुझे नई ऊर्जा प्रदान करता है।” उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है और इसके लिए संगठन के सभी कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे। आभार कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं और सुझावों को भी सुना। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को समझना ही किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत है। कार्यक्रम के माध्यम से जन सुराज की ओर से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई तथा भविष्य में भी जनता के साथ निरंतर संवाद और संपर्क बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button