70वीं BPSC में डीएवी के पूर्व छात्र आशुतोष कुमार सिंह ने 98वीं रैंक हासिल कर बने एसडीएम, डीएवी स्कूल में हुआ भव्य सम्मान समारोह
प्राचार्य ने बताया विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत; पूरे विद्यालय में मिठाई बांटकर मनाई गई खुशी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल, बक्सर के पूर्व छात्र आशुतोष कुमार सिंह ने 98वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम बन अपने परिवार, विद्यालय और पूरे बक्सर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में आयोजित प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह में आशुतोष कुमार सिंह के साथ उनके पिता श्री बृज बिहारी सिंह उर्फ टुन्ना सिंह को भी विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी श्री वाहिनीपति आनंद कुमार ने दोनों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच आशुतोष का अभिनंदन किया और उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। आशुतोष कुमार सिंह मूल रूप से ग्राम मालिकौंधा, प्रखंड इटाढ़ी, जिला बक्सर के निवासी हैं। उनके पिता श्री बृज बिहारी सिंह उर्फ टुन्ना सिंह एवं माता श्रीमती कंचन देवी हैं। वर्तमान में उनका परिवार श्वेतनगर, बक्सर में निवास करता है। आशुतोष ने अपनी प्रारंभिक एवं विद्यालयी शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, बक्सर से प्राप्त की। वर्ष 2001 में विद्यालय में नामांकन लेने के बाद उन्होंने वर्ष 2013 में यहीं से मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। आज उसी विद्यालय के पूर्व छात्र के रूप में उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का विषय बन गई है।
इस अवसर पर प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी श्री वाहिनीपति आनंद कुमार ने कहा कि आशुतोष कुमार सिंह की सफलता यह सिद्ध करती है कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के पूर्व छात्र द्वारा राज्य की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरे डीएवी परिवार के लिए गर्व और सम्मान की बात है। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा के भीतर असीम संभावनाएं छिपी होती हैं। जरूरत केवल अपनी क्षमता को पहचानने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने के लिए लगातार मेहनत करने की है। उन्होंने कहा कि आशुतोष की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों को यह संदेश देती है कि ईमानदारी, लगन और कठिन परिश्रम का परिणाम निश्चित रूप से सफलता के रूप में मिलता है।
सम्मान समारोह के दौरान आशुतोष कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से अपने सपनों को बड़ा रखने और पूरी निष्ठा के साथ उन्हें साकार करने का आह्वान किया। आशुतोष कुमार सिंह की उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार की ओर से मिठाइयां बांटी गईं और सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विश्वास जताया कि आशुतोष भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से समाज, राज्य और जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।
डीएवी परिवार ने अपने इस प्रतिभाशाली पूर्व छात्र की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आशुतोष कुमार सिंह की उपलब्धि निश्चित रूप से बक्सर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगी।





