CRIME

वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने कार से 176 लीटर विदेशी शराब बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान बलिया से पटना जा रही कार पकड़ी गई, विभिन्न ब्रांड की 176 लीटर शराब जब्त; दोनों आरोपियों पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान बलिया से पटना जा रही एक कार से 176 लीटर विभिन्न कंपनियों की विदेशी शराब एवं बियर बरामद की गई। इस कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम वीर कुंवर सिंह सेतु चेकपोस्ट पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान गुरुवार की दोपहर बलिया की ओर से पटना जा रही एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की कुल 176 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। कार में सवार रूबी देवी, निवासी फुलवारी शरीफ, पटना तथा चालक चंदन कुमार, पिता अरुण कुमार, निवासी जहानाबाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया है।

 

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों एवं चेकपोस्टों पर लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button