दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बक्सर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन
राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और छात्र हितों की लड़ाई जारी रखने का किया दावा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी, बक्सर के बैनर तले जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बक्सर पुलिस चौकी के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश सचिव कामेश्वर पांडे ने किया, जबकि मंच संचालन यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण उपाध्याय ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए जिस प्रकार बल प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि देश में छात्रों और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से लगातार विरोध करती रहेगी। दूरभाष के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी, बक्सर के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि जब तक कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जीवित है, तब तक देश में लोकतंत्र की हत्या नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की न्यायोचित मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पिछले दो वर्षों से छात्रों के अधिकारों और उनकी मांगों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब-जब छात्रों ने बदलाव का संकल्प लिया है, तब-तब बड़े-बड़े तानाशाही शासन समाप्त हुए हैं। इसलिए छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। इस विरोध-प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश सचिव सतेंद्र ओझा, गोपाल त्रिवेदी, किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय पांडे, पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद मौर्य, इटाढ़ी प्रखंड अध्यक्ष कमल पाठक, बक्सर प्रखंड अध्यक्ष गणेश पांडे, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष राजा तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष निर्मला देवी, त्रियोग मिश्रा, संजय दुबे, शिवाकांत मिश्रा, अजय ओझा, रवि, मोहित, जितेंद्र पाठक, अकबरी, मोहम्मद अली, रामसुरेश पासवान, हरेन्द्र राम सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आगे भी छात्र हितों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।





