रोटरी क्लब बक्सर के 45वें अधिष्ठापन समारोह में निर्मल कुमार सिंह बने अध्यक्ष, समाज सेवा के नए संकल्पों के साथ शुरू हुआ सत्र 2026-27
जिला गवर्नर अनु नारंग की मौजूदगी में नौ नए सदस्यों का हुआ स्वागत, 'सार्थक' वार्षिक पत्रिका का विमोचन, गांवों तक विकास और सेवा परियोजनाएं पहुंचाने का लिया संकल्प


न्यूज़ विज़न। बक्सर
ब्लॉक रोड स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को रोटरी क्लब बक्सर का 45वां अधिष्ठापन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह समारोह रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 की गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग के आधिकारिक भ्रमण के अवसर पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नए सत्र 2026-27 के लिए रोटरी क्लब बक्सर, रोट्रैक्ट क्लब तथा इंटरैक्ट क्लब के नए पदाधिकारियों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया।
समारोह में रोटेरियन निर्मल कुमार सिंह ने रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष, रोट्रैक्टर सागर वर्मा ने रोट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष तथा इंट्रैक्टर हर्षिता ने इंटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला गवर्नर अनु नारंग, पूर्व मंडलाध्यक्ष संदीप नारंग, सहायक मंडलाध्यक्ष टी.एन. चौबे, नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
‘सार्थक’ वार्षिक पत्रिका का हुआ विमोचन
समारोह के दौरान रोटरी क्लब बक्सर की वार्षिक स्मारिका ‘सार्थक’ का भी लोकार्पण किया गया। जिला गवर्नर अनु नारंग, पूर्व मंडलाध्यक्ष संदीप नारंग तथा क्लब के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से पत्रिका का विमोचन कर नए सत्र की शुरुआत को यादगार बनाया।
नौ नए सदस्यों का हुआ स्वागत
इस अवसर पर जिला गवर्नर अनु नारंग ने नौ नए सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर क्लब की सदस्यता दिलाई। नए सदस्यों में डॉ. प्रशांत चतुर्वेदी, डॉ. अंजली पांडे, सेंट मैरी स्कूल नई बाजार के प्राचार्य डोमिनिक अमलान, इंजीनियर राहुल राघवन, नेहा सिंह, श्यामला पाठक, राजन खेतान, सुमित कुमार एवं शमशाद अली शामिल हैं। नए सदस्यों के जुड़ने के साथ रोटरी क्लब बक्सर की कुल सदस्य संख्या बढ़कर 86 हो गई।
बक्सर रोटरी की उपलब्धियों की सराहना
मुख्य अतिथि एवं जिला गवर्नर अनु नारंग ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब बक्सर ने समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि क्लब न केवल रोटरी इंटरनेशनल के उद्देश्यों को आगे बढ़ा रहा है, बल्कि स्थायी जनकल्याणकारी परियोजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। उन्होंने क्लब की प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रोटरी सहेली सेंटर, डुमरांव स्थित रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल, प्रताप सागर के मेथोडिस्ट अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेंटर तथा बक्सर में स्थापित ब्लड बैंक जैसी योजनाएं रोटरी क्लब की उल्लेखनीय उपलब्धियां हैं।
गांवों तक पहुंचेगी विकास की किरण
नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसे स्थायी प्रोजेक्ट शुरू करना होगा, जिनका लाभ वर्षों तक समाज को मिलता रहे। उन्होंने कहा कि रोटरी की सेवा गतिविधियों का विस्तार गांवों तक किया जाएगा। इसके तहत स्वास्थ्य जांच शिविर, सरकारी विद्यालयों के विकास, जरूरतमंद बच्चों को किताबें, स्कूल बैग और साइकिल उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान तथा आत्मनिर्भरता बढ़ाने वाली योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बड़ी संख्या में शामिल हुए अतिथि
कार्यक्रम में पूर्व मंडलाध्यक्ष संदीप नारंग, सहायक मंडलाध्यक्ष टी.एन. चौबे, डॉ. दिलशाद आलम, सचिव मनोज वर्मा, कोषाध्यक्ष सागर वर्मा, मीना सिंह, राजकुमार सिंह, प्रदीप कुमार चौरसिया, डॉ. आर.के. सिंह, ज्योति जोशी, संजय सर्राफ, कृष्णानंद सिंह, राजेश केसरी, गोपाल केसरी, सत्येंद्र सिंह, प्रदीप कुमार जायसवाल, आशुतोष अस्थाना, मनीष कुमार पांडे, विनय कुमार सिंह, सौरभ तिवारी, एस.एम. साहिल, नरेश पोद्दार, अमरनाथ, शिवाधर तिवारी, सुनील कुमार, आशीष गुप्ता, अनिल मानसिंहका, अरुण वर्मा, सुनीता सिंह सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे।
इसके अलावा रोटरी क्लब आरा, रोटरी क्लब बिहार शरीफ एवं रोटरी क्लब बलिया के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में भाग लिया। रोट्रैक्ट क्लब की ओर से डीआरआर सदाशिव खत्री एवं डीआरएस चंदा साहनी भी मौजूद रहीं। शहर के गणमान्य लोगों में डॉ. महेंद्र प्रसाद, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद, सचिव दौलत चंद्रगुप्त, नंदलाल जायसवाल, लायंस क्लब के सुरेश संगम, वरिष्ठ पत्रकार शशांक शेखर उपाध्याय तथा डुमरांव के मोहन गुप्ता सहित अनेक सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में रोटेरियन मीना सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।





