OTHERS

रोटरी क्लब का शहर में शुरू होगा ब्लड बैंक, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी सेवा की नई मुहिम : अन्नू नारंग

45वें इंस्टालेशन समारोह से पहले रोटरी गवर्नर अन्नू नारंग की प्रेसवार्ता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नए सत्र की योजनाओं का किया खुलासा

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
रोटरी क्लब बक्सर के 45वें इंस्टालेशन समारोह से पूर्व नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अन्नू नारंग ने आगामी सत्र 2026-27 की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि रोटरी क्लब बक्सर पूर्व के वर्षों की अपेक्षा इस बार और अधिक व्यापक स्तर पर सामाजिक सेवा के कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई नई पहल करने जा रहा है।

 

रोटरी गवर्नर ने बताया कि प्रताप सागर में संचालित डायलिसिस सेंटर और डुमरांव स्थित आई हॉस्पिटल की सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। इसके साथ ही बक्सरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने सिविल लाइन स्थित सहेली भवन में रोटरी क्लब द्वारा संचालित महिला प्रशिक्षण केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र हर वर्ष सैकड़ों महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है। आने वाले समय में इस तरह की सामाजिक योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

 

नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन निर्मल कुमार ने कहा कि क्लब पूर्व से संचालित सभी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि अब रोटरी की गतिविधियां केवल शहर तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि रोटरी क्लब किसी एक ग्रामीण विद्यालय को गोद लेकर उसके समग्र विकास के लिए कार्य करेगा। इसके अलावा प्रत्येक माह आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर अब शहर के साथ-साथ गांवों में भी लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। पर्यावरण संरक्षण को लेकर रोटरी क्लब ने एक अनूठा संकल्प भी लिया है। निर्मल कुमार ने बताया कि 1 जुलाई 2026 से क्लब के प्रत्येक सदस्य के जन्मदिन या विवाह वर्षगांठ पर एक पौधा लगाया जाएगा और उसके संरक्षण की भी पूरी जिम्मेदारी निभाई जाएगी। उनका कहना था कि यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होगी।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन टी.एन. चौबे ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा संचालित आई हॉस्पिटल, महिला प्रशिक्षण केंद्र और डायलिसिस सेंटर जैसे सेवा प्रकल्पों में पुराने एवं खराब हो चुके उपकरणों को आधुनिक संसाधनों से बदला जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में जिले में एक और आई हॉस्पिटल स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि नेत्र चिकित्सा सेवाओं का दायरा और अधिक बढ़ सके।

प्रेसवार्ता के दौरान रोटेरियन प्रदीप जायसवाल, सचिव मनोज वर्मा, डॉ. दिलशाद आलम, मीना सिंह, सुनीता सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, एस.एम. शाहिल, सौरव तिवारी, राजेश केशरी, मनीष पांडेय, मंजेश केसरी, आर. राघवन सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे। रोटरी क्लब की नई कार्ययोजना से स्पष्ट है कि आगामी सत्र में संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में अपनी सेवाओं का दायरा और अधिक विस्तृत करने की तैयारी में है। यह पहल बक्सर जिले के हजारों लोगों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button