OTHERS

DAV के पूर्व छात्र आदित्य रंजन को प्राचार्य ने किया सम्मानित, NEET में AIR 141 हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

सत्र 2023-24 में DAV बक्सर से मैट्रिक उत्तीर्ण आदित्य रंजन का विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान, प्राचार्य बोले— यह सफलता पूरे बक्सर के लिए गौरव का विषय

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में शानदार सफलता हासिल करते हुए डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर के पूर्व मैट्रिक छात्र आदित्य रंजन ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 141 प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे बक्सर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। आदित्य रंजन, सत्र 2023-24 में डी.ए.वी. स्कूल, बक्सर से मैट्रिक उत्तीर्ण छात्र रहे हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।

 

इस उल्लेखनीय सफलता के उपलक्ष्य में सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रातःकालीन सभा के दौरान विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार की ओर से आदित्य रंजन एवं उनके पिता सुरेंद्र प्रसाद महतो को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी वाहिनीपति आनंद कुमार ने आदित्य रंजन को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि NEET जैसी अत्यंत प्रतिस्पर्धी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 141 प्राप्त करना किसी भी विद्यार्थी के लिए बड़ी उपलब्धि है। आदित्य ने न केवल अपने माता-पिता और विद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पूरे बक्सर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

 

प्राचार्य ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता में उसके व्यक्तिगत परिश्रम के साथ-साथ माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने आदित्य के पिता सुरेंद्र प्रसाद महतो के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों की सफलता की मजबूत नींव होता है। उन्होंने आदित्य के व्यक्तित्व निर्माण और शैक्षणिक विकास में योगदान देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की भी प्रशंसा की। विद्यालय के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आनंद कुमार ने कहा कि निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आदित्य रंजन की उपलब्धि से प्रेरणा लेने और अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का आह्वान किया।

सम्मान समारोह के दौरान आदित्य रंजन ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डी.ए.वी. स्कूल में मिली शिक्षा, संस्कार और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और सभी शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने आदित्य रंजन को चिकित्सा शिक्षा और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे। विद्यालय ने कहा कि आदित्य की उपलब्धि बक्सर जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा देगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button