CRIME

वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर कंटेनर से 307.1 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से पटना जा रहे कंटेनर से 3.68 लाख रुपये की पंजाब निर्मित शराब जब्त

न्यूज विज़न। बक्सर
बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार सघन वाहन जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की अहले सुबह बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। मामले में चालक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली से पटना की ओर जा रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी जांच की गई। कंटेनर के ऊपरी हिस्से में कैरियर का सामान लदा हुआ था, जिससे पहली नजर में कोई संदेह नहीं हुआ।

जब अधिकारियों ने कंटेनर की सील तोड़कर अंदर की गहन तलाशी ली तो उसमें पंजाब निर्मित विदेशी शराब की पेट बोतलें छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान कुल 307.1 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक सुनील यादव, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि कंटेनर दिल्ली से पटना की ओर जा रहा था।

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार चालक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती चेक पोस्टों पर लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि शराब तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button