बक्सर पूर्वी रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर सरोज राजभर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे, दी रेल चक्का जाम की चेतावनी
प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप, बोले– एक सप्ताह का इंतजार किया, अब आर-पार की लड़ाई; गुमटी बंद रहने से हजारों लोगों को हो रही परेशानी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर सोमवार से बक्सर पूर्वी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग को लेकर बंद पूर्वी रेलवे गुमटी के समीप अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
धरने को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने कहा कि संगठन की ओर से 6 जुलाई को ही जिलाधिकारी बक्सर, स्टेशन अधीक्षक बक्सर, मंडल रेल प्रबंधक दानापुर तथा अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की सूचना देते हुए पत्र भेजा गया था। इसके बाद जिला प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए चार से पांच दिनों का समय मांगा था, जिसके सम्मान में संगठन ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा मांगी गई समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी पूर्वी रेलवे गुमटी नहीं खोली गई। लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर संगठन ने सोमवार से पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज करते हुए रेल चक्का जाम किया जाएगा।
सरोज राजभर ने कहा कि पूर्वी रेलवे गुमटी बंद रहने से हजारों लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों तथा आम नागरिकों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। उन्होंने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अविलंब पूर्वी रेलवे गुमटी खोलने की मांग की, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और आंदोलन समाप्त हो सके।
धरने को राम चीज प्रजापति, कृष्णावती देवी, रमाकांत चंद्रवंशी, राम इकबाल ठाकुर, मुन्ना ओझा, अजीत सिंह, लाल बिहारी, सुनीता देवी, राष्ट्रपति राय, अजीत कुमार, सिपाही, बीरबल रजक और गुड्डू शर्मा समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द गुमटी खोलने की मांग करते हुए आंदोलन को जारी रखने का संकल्प दोहराया।
वीडियो देखें :





