बलिहार में सैकड़ों बच्चों को मिला ज्ञान का उपहार, बाल भोज में झूम उठे नौनिहाल
बाबू रामाशंकर सिंह स्मारक निःशुल्क शिक्षा केंद्र में पाठ्य सामग्री वितरण एवं बाल भोज का आयोजन, पांच वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को दी जा रही निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शिक्षा के प्रति ग्रामीण समाज में जागरूकता बढ़ाने और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत बलिहार गांव स्थित बाबू रामाशंकर सिंह स्मारक निशुल्क शिक्षा केंद्र में बाल भोज एवं पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चाट, गोलगप्पे और आइसक्रीम जैसे स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। बाल भोज के बाद सभी विद्यार्थियों के बीच कॉपी, कलम एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। गौरतलब है कि यह शिक्षा केंद्र नवज्योति सेवा संस्थान के सहयोग से पिछले पांच वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है। यहां कक्षा एक से आठवीं तक के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। साथ ही उन्हें पढ़ाई के लिए आवश्यक पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि आर्थिक अभाव उनकी शिक्षा में बाधा न बन सके। शिक्षा केंद्र के संचालक एवं पत्रकार गुलशन सिंह ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। इसी सोच के साथ “शिक्षार्थ आइए, सेवार्थ जाइए” के संकल्प को लेकर गांव में शिक्षा की अलख जगाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें अपने दादा स्वर्गीय बाबू रामाशंकर सिंह से जीवन के अनेक मूल्य, संस्कार और समाजसेवा की प्रेरणा मिली थी। उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने और उनकी स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से इस निशुल्क शिक्षा केंद्र की स्थापना की गई। आज यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है और उनके बेहतर भविष्य की नींव तैयार कर रहा है। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़कर गुलशन सिंह समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के प्रयास न केवल बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि समाज में शिक्षा के महत्व को भी मजबूती से स्थापित कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने शिक्षा केंद्र और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन जारी रहने की उम्मीद जताई।





