OTHERS

 5 जून को नियोजनालय कार्यालय परिसर में लगेगा मेगा जॉब कैम्प, 20 पदों पर होगी ऑन-द-स्पॉट भर्ती

SAMAVESH FINSERVE PVT. LTD. देगी रोजगार का अवसर, 15 से 20 हजार रुपये वेतन के साथ पीएफ, ईएसआई, इंश्योरेंस और पेंशन जैसी सुविधाएं

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा आगामी 5 जून को एक दिवसीय जॉब कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह जॉब कैम्प जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर, संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड बक्सर में आयोजित होगा।

 

इस जॉब कैम्प में SAMAVESH FINSERVE PVT. LTD. द्वारा फील्ड सर्विस ऑफिसर (FSO) के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑन-द-स्पॉट होगी और अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार उसी दिन चयन किया जाएगा। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा आकर्षक इंसेंटिव, पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, इंश्योरेंस, समय-समय पर पदोन्नति तथा सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नियुक्त कर्मियों के लिए शाखा स्तर पर रहने एवं मेस की व्यवस्था भी की जाएगी। जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट अथवा स्नातक रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा।

 

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जॉब कैम्प में भाग लेने के लिए जिला नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी अभी तक निबंधित नहीं हैं, वे नेशनल कैरियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। जॉब कैम्प में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।  यह जॉब कैम्प 5 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित होगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में जॉब कैम्प में भाग लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियुक्ति से संबंधित सभी शर्तों और प्रक्रियाओं के लिए नियोजक कंपनी स्वयं जिम्मेदार होगी। जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता के रूप में रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button