देसी कट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार, एक पर पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज
नावानगर थाना क्षेत्र के केसठ में गुप्त सूचना पर छापेमारी, पुलिस की घेराबंदी में दबोचे गए आरोपी; अवैध हथियार बरामद


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत नावानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देसी कट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नावानगर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस को 29 मई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि केसठ पुरानी बाजार स्थित चिमनी मोहल्ला के पास बधार में दो युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार कर रहे थे। पुलिस टीम जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद दोनों युवकों को पुलिस की भनक लग गई और वे भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सशस्त्र बलों के सहयोग से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। जब पुलिस ने हथियार के संबंध में पूछताछ की तो दोनों युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने हथियार को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान केसठ निवासी हवल पासी के पुत्र राकेश कुमार तथा दशरथ ठाकुर के पुत्र महेश कुमार के रूप में हुई है।
राकेश कुमार का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नावानगर थाना में हत्या के प्रयास (धारा 307), दंगा भड़काने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
विशेष टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस सफल अभियान में एसडीपीओ पोलस्त कुमार, पुलिस निरीक्षक सह अंचल पुलिस पदाधिकारी अरविन्द कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सह नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।





