CRIME

बक्सर में कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़! पुलिस छापेमारी में 6 हिरासत में, मकान मालिक भी पकड़ा गया

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी मोहल्ले में कार्रवाई, चार पुरुष और दो महिलाएं हिरासत में; 2018 में भी इसी मकान से हुई थी गिरफ्तारी की चर्चा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जासो रोड स्थित शिव मंदिर के समीप विष्णुपुरी मोहल्ला वार्ड संख्या-33 में शुक्रवार को पुलिस ने एक निजी मकान में कथित रूप से संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार पुरुषों एवं दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। मामले में मकान मालिक लक्ष्मण पांडेय को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को उक्त मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिल रही थी। बताया जाता है कि आरोपी के भाई बंशीधर पांडेय द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी अभियान में इटाढ़ी गुमटी आउट पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी, एएसआई मनोज सिंह, एएसआई सियाराम महतो, महिला सशस्त्र बल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने मौके से चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लेने में सफलता प्राप्त की। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मकान में छापेमारी हुई है, उसके मालिक लक्ष्मण पांडेय को वर्ष 2018 में भी इसी प्रकार के कथित सेक्स रैकेट संचालन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। लोगों का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद पुनः उसी मकान से अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था।

 

हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गतिविधियों का संचालन कब से हो रहा था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button