बक्सर व्यवहार न्यायालय में लिफ्ट सेवा का शुभारंभ, दिव्यांग वकीलों और पक्षकारों को बड़ी राहत
प्रधान जिला जज काजल झांब ने फीता काटकर किया उद्घाटन, अब न्यायालय परिसर में आवागमन होगा आसान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर के व्यवहार न्यायालय परिसर में बुधवार को एक महत्वपूर्ण सुविधा का शुभारंभ किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब ने फीता काटकर न्यायालय भवन में स्थापित नई लिफ्ट सेवा का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर न्यायिक और अधिवक्ता समुदाय के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
लिफ्ट की शुरुआत से न्यायालय आने वाले दिव्यांग वकीलों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और दिव्यांग पक्षकारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक न्यायालय भवन में लिफ्ट की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। खासकर बुजुर्ग और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए यह परेशानी और भी अधिक थी। उद्घाटन समारोह के दौरान बार संघ के अध्यक्ष भवन ओझा, प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता महावीर त्रिवेदी एवं मोहम्मद अजीज अब्बास सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर न्यायिक प्राधिकारीगण में सुनील कुमार सिंह, अमित कुमार शर्मा, कमल कुमार, मानस कुमार, सुमत कुमार सिंह, सुधांशु पांडे, भोला सिंह, महेश्वर पांडे, नेहा दयाल, सचिन विदेशी, पांडे बिंदेश्वरी पांडे, आनंद मोहन उपाध्याय, प्रभुनाथ सिंह, सुरेश सिंह, गणपति मंडल, सुरेश श्रीवास्तव, रमाकांत तिवारी, बिनोद मिश्रा, रंजना कुमारी, नीरज कुमार, संतोष दुबे समेत अन्य लोग भी उपस्थित रहे। लिफ्ट सुविधा शुरू होने से न्यायालय परिसर में आने-जाने की व्यवस्था अब अधिक सुगम और सुलभ हो गई है। यह पहल न्यायिक व्यवस्था को अधिक समावेशी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





