बक्सर में धूमधाम से मनी बाबा साहब की 135वीं जयंती, प्रभात फेरी से प्रबोधन तक गूंजे समता और न्याय के स्वर
नगर भवन में सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया गया मनोबल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर में मंगलवार को अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी संघ जिला इकाई द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन नगर भवन में संघ के अध्यक्ष महेंद्र राम की अध्यक्षता में किया गया, जबकि संचालन संघ के सचिव अमित कुमार एवं उपाध्यक्ष रमेश चंद्र राम ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी से हुई, जो किला मैदान से निकलकर मुनीम चौक, जमुना चौक होते हुए अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। इस दौरान “जय भीम” और “समता, न्याय और बंधुत्व” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। पूर्वाह्न 9:00 बजे जिलाधिकारी साहिला द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद 11:00 बजे नगर भवन में प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अरुण कुमार अजय (अपर जिला समाहर्ता) शामिल हुए। इसके अलावा शशिकांत पासवान (वरीय कोषागार पदाधिकारी), शुक्र पासवान (जिला सांख्यिकी पदाधिकारी), मोतीराम दिनकर, हीरालाल राम, राम बच्चन बौद्ध, जनार्दन राम (कोषाध्यक्ष), अनुग्रह कुमार (अधिवक्ता), जनार्दन सिंह (अधिवक्ता), सुरेंद्र सिंह, रामबचन राम, इंद्रा मुनि जी, बृज बिहारी राम, श्रीनिवास राम, जगदीश राम, आशीष राम, नरेश राम, राम जी केसरी, अजय कुमार, डेनियल कुमार, डॉ. एनीमानंद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। हरिहर प्रसाद की भी विशेष उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहब के विचारों, उनके संघर्ष और समाज में समानता, शिक्षा व अधिकारों के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं और समाज के सभी वर्गों से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संघ द्वारा समाज के प्रतिभाशाली छात्रों को प्रशस्ति पत्र एवं बाबा साहब की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में अजय कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया, जिसके साथ ही समारोह का समापन हुआ।





