पटना में “सेवा और शिक्षा” का ऐतिहासिक संगम: खान सर और पूर्व सैनिकों की बैठक से बिहार विकास की नई दिशा तय
शहीद परिवारों के सम्मान से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण तक—चार बड़े संकल्पों के साथ बनी मजबूत साझेदारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को पटना में शिक्षा जगत के चमकते सितारे और खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के संस्थापक खान सर एवं बिहार के पूर्व सैनिकों के बीच एक उच्च स्तरीय और ऐतिहासिक बैठक संपन्न हुई। यह बैठक केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि बिहार में जन-कल्याण और समग्र विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ सिंह के कुशल नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने खान सर के साथ करीब डेढ़ घंटे तक गहन विचार-विमर्श किया। इस दौरान रामनाथ सिंह के अनुशासित व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण ने खान सर को विशेष रूप से प्रभावित किया। बैठक के दौरान “बी वॉरियर” संस्था के अध्यक्ष रंजन कुमार राय के कार्यों की भी जमकर सराहना की गई। जिले में 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं के लिए तत्पर रहने और निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने के लिए खान सर ने उन्हें “सेवा का असली योद्धा” बताया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में बिहार के विकास को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख स्तंभों पर कार्य करने का निर्णय लिया गया:
1. शहीद परिवारों का सम्मान:
प्रदेश की वीर नारियों को सम्मानित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त स्थान दिलाने का संकल्प लिया गया।
2. शिक्षा का उपहार:
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के बच्चों को खान ग्लोबल स्टडीज के माध्यम से उच्च स्तरीय शिक्षा और विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
3. स्वास्थ्य क्रांति:
बिहार के प्रत्येक जिला स्तर पर ब्लड बैंक की स्थापना कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
4. पर्यावरण संरक्षण:
पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक के दौरान खान सर का सरल और सहज व्यक्तित्व भी देखने को मिला। उन्होंने पूर्व सैनिकों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उनके युद्धकाल एवं सेवा काल के अनुभवों को बड़े ध्यान और उत्साह के साथ सुना। अनुशासन की मिसाल तब देखने को मिली जब रामनाथ सिंह ने अन्य कार्यक्रमों के लिए समय का ध्यान दिलाया, लेकिन खान सर सैनिकों के स्नेह में इतने रम गए कि चर्चा कुछ देर और जारी रही। इस ऐतिहासिक बैठक में दोनों पक्षों के कई महत्वपूर्ण सदस्य शामिल रहे। खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से कोऑर्डिनेटर सतेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं बक्सर डेलिगेशन में रामनाथ सिंह, मिथलेश सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिंह (सेना मेडल) और सूबेदार राजेंद्र प्रसाद शामिल रहे।
“बी वॉरियर” की ओर से रंजन कुमार राय एवं गोलू जी मौजूद रहे। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी से एन.के. सिंह (प्रदेश अध्यक्ष), आर.एन. उपाध्याय (उपाध्यक्ष), अश्विनी कुमार (सचिव), नीतीश कुमार सिंह (संगठन मंत्री) और आर.एन. सिंह (कोषाध्यक्ष) ने भी बैठक में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिक संघ की ओर से खान सर को प्रतीक चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी और इस दृढ़ संकल्प के साथ विदा हुए कि यह साझेदारी बिहार के विकास और गौरव को नई ऊंचाइयों तक ले जायेगा।





