92 वर्षीया लालमुनी देवी का निधन, लोगों ने किया शोक व्यक्त


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरामनपुर गांव निवासी एवं त्रिदंडी देव संस्कृति उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवि शंकर पांडे की धर्मपरायण माता लालमुनी देवी (92 वर्ष) का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलवार को पूरे विधि-विधान के साथ बक्सर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार और ग्रामीणों की उपस्थिति में उन्हें नम आंखों से विदाई दी गई। उनके कनिष्ठ पुत्र रवि शंकर पांडे ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। बताया जाता है कि लालमुनी देवी अत्यंत धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं और अपने सरल स्वभाव, संस्कार एवं समाज के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने जीवन में परिवार और समाज को सदैव संस्कारों की शिक्षा दी, जिसके कारण उन्हें क्षेत्र में विशेष सम्मान प्राप्त था।
उनके निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शशांक शेखर, मुखदेव राय, शुभ नारायण पाठक, मनोज कुमार सिंह, अशोक मिश्रा समेत कई गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। लालमुनी देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन से परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव में शोक का माहौल है।





